अधेड़ की आंख निकाली, हाथ तोड़ा और हत्या कर शव खेत में फेंक दिया
वह एक निजी व्यक्ति का ड्राइवर था। रात में घर नहीं आया। सुबह पता चला कि उसका शव खेत में पड़ा है। क्रूरता पूर्वक की गई हत्या का कारण पता नहीं चल पाया।
गोरखपुर, जेएनएन। देवरिया जिले के बरहज थाना क्षेत्र ग्राम बड़कागांव निवासी राजेश विश्वकर्मा की शुक्रवार की रात बेरहमी से हत्या कर दी गई। राजेश का शव इमिलियाडीह स्थित काली मंदिर के निकट गन्ने के खेत से बरामद हुआ। मृतक के चेहरे पर जख्म के निशान हैं। उसकी दाहिनी आंख गायब है, दाहिना हाथ भी टूटा हुआ है। घटनास्थल से कुछ दूरी पर देशी शराब की एक शीशी व सल्फास का दो पैकेट पुलिस ने बरामद किया है। देवरिया के पुलिस अधीक्षक एन.कोलांची समेत आला अफसरों ने घटनास्थल का जायजा लिया और स्थानीय पुलिस को दिशा-निर्देश दिए।
बड़कागांव निवासी 50 वर्षीय राजेश विश्वकर्मा निजी वाहन चलाकर जीविकोपार्जन करता है। रोज शाम को वह घर लौट आता था। शुक्रवार को रात को घर नहीं पहुंचा। उसके घर वालों ने समझा कि राजेश वाहन मालिक के घर रुक गया है। शनिवार की सुबह बड़कागांव के इमिलियाडीह टोला स्थित काली मंदिर के निकट गन्ने के खेत में उसका शव मिला। सुबह खेती की तरफ गए ग्रामीणों ने शव की शिनाख्त की। ग्रामीणों ने खेत में शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। देखते ही देखते पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी विनीत कुमार, एसओ वीर बहादुर ¨सह समेत तमाम आला अफसर मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। घटनास्थल से करीब पचास मीटर दूरी पर सड़क के किनारे देशी शराब की एक शीशी व सल्फास का दो पैकेट मिले हैं। माना जा रहा है कि बदमाशों ने कहीं अन्य हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया और उसे आत्महत्या साबित करने के लिए पास में शराब की शीशी व सल्फास का पैकेट रख दिया। बड़कागांव चौराहा के दुकानदारों ने बताया कि शुक्रवार को देर शाम तक राजेश को कुछ लोगों के साथ चौराहे पर देखा गया।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना स्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने शव के आस-पास मिले निशान को कैमरे में कैद किया और कुछ दूर मिली शराब की खाली शीशी व सल्फास के पैकेट पर अंगुली का निशान पता करने के लिए उसे अपने कब्जे में ले लिया।
मृतक का मोबाइल बनेगा राजदार
घटनास्थल से पुलिस को मृतक राजेश का मोबाइल मिला है। बताया जा रहा है कि मोबाइल में कुछ ऐसे नंबर मिले हैं, जिन पर शुक्रवार को देर शाम तक बात हुई है। पुलिस इन नंबरों की काल डिटेल खंगाल रही है। फिलहाल मोबाइल को अहम सुराग मान कर पुलिस जांच में जुटी है।
राजेश के करीबियों पर पुलिस की नजर
पुलिस अधीक्षक एन.कोलांची ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मालूम हो रहा है कि घटना में मृतक के करीबी जरूर शामिल है। पुलिस की मृतक के करीबी लोगों पर है। मौत कैसे हुई यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। खुलासे के लिए टीम गठित की गई है। अगर कोई दोषी है तो बचने नहीं पाएगा।
घर का कमाऊ सदस्य था राजेश
राजेश की मौत का समाचार मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। राजेश घर का एक मात्र कमाऊ सदस्य था। उसके ऊपर परिवार के भरण पोषण की जिम्मेदारी थी। शांत स्वभाव वाले मृदुभाषी राजेश की मौत का समाचार जब गांव में पहुंचा तो सहसा किसी को उसकी मौत पर विश्वास नहीं हुआ। ¨कतु होनी को कौन टाल सकता है। राजेश की मौत के बाद उसकी पत्नी और तीन बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो गया है।