ईवीएम में बंद हुआ 14 प्रत्याशियों का भाग्य
देवरिया सदर विधानसभा सीट पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक हुआ मतदान।
देवरिया, जेएनएन। सदर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मंगलवार को मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। चौदह प्रत्याशियों के भाग्य ईवीएम में कैद हो गए। 10 नवंबर को महाराजा अग्रसेन इंटर कालेज में मतगणना केंद्र पर मतों की गिनती होगी। कोरोना के खौफ के बाद भी मतदाताओं में उत्साह दिखा। कुल 51.05 फीसद मतदान हुआ, जो 2017 के देवरिया विधानसभा चुनाव में पड़े 56.51 फीसद मत से 5.46 फीसद कम रहा। वहीं 2012 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर 51 फीसद मतदान हुआ था।
गुलाबी ठंड के बीच विधानसभा क्षेत्र के 487 बूथों पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। कई बूथों पर सुबह सन्नाटा पसरा रहा। दिन चढ़ने के साथ ही लोग मतदान के लिए आते गए। मास्क और ग्लब्स पहनकर लोगों ने मतदान किया। युवा, बुजुर्ग व महिलाओं ने मतदान में बढ़ चढ़कर भाग लिया। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरे दिन अधिकारियों की गाड़ी मतदान केंद्रों पर दौड़ती रही। कमिश्नर जयंत नार्लिकर, आइजी राजेश मोदक, सामान्य प्रेक्षक डीडी कपाडिया, व्यय प्रेक्षक राजेश रंजन, डीएम अमित किशोर, एसपी डा.श्रीपति मिश्र, सीडीओ शिव शरणप्पा जीएन समेत अन्य अधिकारियों ने बूथों पर जाकर मतदान का हाल जाना। मतदाताओं ने बिना किसी भय के मतदान किया।
इन प्रत्याशियों के भाग्य ईवीएम में कैद
अभयनाथ त्रिपाठी-बसपा, अशोक यादव-एनसीपी, ब्रह्माशंकर त्रिपाठी-समाजवादी पार्टी, मुकुंद भाष्कर मणि-कांग्रेस, डा.सत्य प्रकाश मणि त्रिपाठी उर्फ गुड्डू बाबू-भाजपा, पं.उमेश मणि त्रिपाठी-मनुवादी पार्टी, ऋषिकेश-मौलिक अधिकार पार्टी, ओम प्रकाश चौरसिया-राष्ट्रीय भागीदारी पार्टी, मुनीव-भारतीय सर्वजन पार्टी, राजू-मोडरेट पार्टी, निर्दल प्रत्याशी अजय प्रताप सिंह उर्फ पिटू सिंह, अतिउल्लाह, राजन यादव उर्फ अर्थी बाबा, सुधाकर।