तहसील अभिलेखागार से गायब हो गए 39 सरकारी लैपटाप, अधिकारियों के हाथ-पांव फूले
डुमरियागंज तहसील अभिलेखागार में रखे 39 सरकारी लैपटाप गायब हो गए। तहसीलदार ने तहरीर दी है। इस आधार पर पुलिस आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
गोरखपुर, जेएनएन। सिद्धार्थनगर जनपद के डुमरियागंज तहसील अभिलेखागार में रखे 39 सरकारी लैपटाप गायब हो गए। मामला संज्ञान में आते ही तहसील प्रशासन को सांप सूंघ गया है। इस प्रकरण में एक प्राइवेट कर्मी संदेह के घेरे में है। तहसीलदार शिवमूर्ति ने तहरीर दी है। इस आधार पर पुलिस आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
सपा सरकार द्वारा संचालित योजना में यह लैपटाप वितरण के लिए आया था। इंटर पास करने वाले छात्रों में लैपटाप वितरण होना था। सत्ता बदलने के साथ ही योजना बंद कर दी गई। तहसील में वितरण के लिए आए लैपटाप में 41 बच गए थे। इन्हें तहसील अभिलेखागार में सुरक्षित रखा गया था। मंगलवार की शाम को तहसीलदार डुमरियागंज व राजस्व कर्मी अभिलेखागार का निरीक्षण करने के लिए गए। निरीक्षण में मात्र दो ही लैपटाप मिले। शेष गायब थे। तत्काल सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस हरकत में आ गई, पूरी रात छापेमारी हुई। संतकबीरनगर के थाना खलीलाबाद निवासी एक प्राइवेट कर्मी से अधिकारी पूछताछ हुई। इस संबंध में एसओ डुमरियागंज प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपित समेत कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।