बड़े मकान वाले 35 लोगों ने नहीं पास कराया नक्शा, सर्वे में हुआ खुलासा Gorakhpur News
जीडीए के सभी अवर अभियंताओं को शहर के सभी नौ जोन में सर्वे की जिम्मेदारी दी गई। सर्वे में 10 किलोवाट से ऊपर लोड वाले 211 मकान चिन्हित हुए।
गोरखपुर, जेएनएन। शहर में 10 किलोवाट या इससे अधिक लोड का कनेक्शन लेने वाले 35 लोगों ने बड़े मकान तो बनवा लिए लेकिन जीडीए से मानचित्र पास कराना जरूरी नहीं समझा। 115 ऐसे लोग हैं, जिन्होंने स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कराया है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) उपाध्यक्ष की ओर से 10 किलोवाट या इससे अधिक लोड के कनेक्शन वाले घरों के मानचित्रों की स्थिति जानने के लिए कराए गए सर्वे में यह मामला प्रकाश में आया है। प्राधिकरण सभी को नोटिस जारी कर रहा है।
115 लोगों ने स्वीकृत मानचित्र के विपरीत कराया निर्माण
जीडीए के सभी अवर अभियंताओं को शहर के सभी नौ जोन में सर्वे की जिम्मेदारी दी गई। सर्वे में 10 किलोवाट से ऊपर लोड वाले 211 मकान चिन्हित हुए। कुछ मानचित्रों के त्वरित निस्तारण के लिए 22 व 26 जून को बैठक भी की गई थी। 211 में से 35 लोगों ने मानचित्र दाखिल ही नहीं किया है। 115 ने मानचित्र दाखिल तो किया लेकिन मौके पर निर्माण मानचित्र के विपरीत पाया गया।
उठ रहे सवाल, कैसे हो गया निर्माण
बिना मानचित्र पास कराए बड़े-बड़े मकान बन जाना प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़ा कर रहा है। शहर में छोटे-छोटे मकानों के छज्जा निकालने पर भी पैनी निगाह रखने वाले अवर अभियंताओं को आलीशान मकान बन जाने की भनक तक नहीं लगी। 115 लोगों ने मानचित्र तो पास कराया लेकिन मानचित्र के विपरीत निर्माण कराते रहे और कोई पूछने नहीं गया। उपाध्यक्ष की संज्ञान में यह मामला आने के बाद अवर अभियंताओ में भी खलबली है। इस मामले में लापरवाही की भी जांच हक सकती है।
किस जोन में कितने बड़े मकान
जोन मकान
एक क 12
एक ख 24
दो क 18
दो ख 08
तीन क 41
तीन ख 16
चार क 51
चार ख 36
चार ग 05
सभी को नोटिस जारी
इस संबंध में जीडीए के उपाध्यक्ष अनुज सिंह का कहना है कि 10 किलोवाट से अधिक लोड वाले मकानों के मानचित्र की स्थिति जांची गई है। 35 लोगों ने मानचित्र दाखिल नहीं किया है। 115 ने मानचित्र के विपरीत निर्माण कराया है। सभी को नोटिस जारी की जा रही है।