प्रदेश के 28.63 लाख गन्ना किसान 'एम किसान पोर्टल' से जुड़े
गन्ना किसानों की आय दोगुनी करने को लेकर सरकार की मंशा के अनुसार किसानों को एम किसान पोर्टल से जोडा गया है
अजय कुमार शुक्ल, गोरखपुर: गन्ना किसानों की आय दोगुनी करने को लेकर सरकार की मंशा के अनुरूप विभाग पूरी तरह से लगा हुआ है।इसी के तहत खेती के आधुनिक गुर बता इसे लाभप्रद बनाने के लिए प्रदेश के किसानों को एम किसान पोर्टल से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। अब तक प्रदेश के 28.63 लाख गन्ना किसान इस पोर्टल से जोड़े गए हैं। प्रदेश के 44 जनपदों के गन्ना किसान खेती के आधुनिक प्राविधियों एवं नवीनतम वैज्ञानिक संस्तुतियों से रूबरू हो रहे हैं। विभाग का मानना है कि आगामी पांच वर्षों में गन्ना किसानों की आय दोगुनी करने को लेकर यह पोर्टल पूरी तरह से कारगर साबित होगा। इसको लेकर विभाग ने प्रदेश स्तर पर एक विधिवत कार्यशाला आयोजित कर 2500 किसानों को प्रशिक्षित करने का कार्य भी किया है। मंशा सिर्फ यह है कि किसानों को गन्ने की खेती व इससे जुड़ी अन्य जानकारी को देकर उनको पूरी तरह से अपडेट कर अधिक से अधिक लाभ दिलाया जाए और 2022 तक आय दोगुनी करने के लक्ष्य को पाया जा सके।
---
क्या है 'एम किसान पोर्टल'
- यह एक ऐसा पोर्टल है, जिस पर किसानों को खेती से लेकर होने वाले अत्याधुनिक वैज्ञानिक शोध, इसके लाभ आदि की आनलाइन जानकारी दी जाएगी तो विभाग द्वारा इसको लेकर की जाने वाली पहल व योजनाओं की भी समग्र जानकारी होगी।
----
-गन्ना किसानों की आय 2022 तक दोगुना करने के लिए तैयार की गई दीर्घकालीन योजना में प्रदेश के गन्ना किसानों को एम-किसान पोर्टल से जोड़ा जाना एक महत्वपूर्ण घटक है। इसकी प्रगति के मूल्यांकन हेतु न केवल माइल स्टोन नियत किए गए हैं बल्कि उत्तरदायी अधिकारी भी नामित किए जा चुके हैं। इनके द्वारा इस कार्य योजना का सतत अनुश्रवण सुनिश्चित किया जा रहा है।
-संजय आर भूसरेड्डी,
आयुक्त गन्ना एवं चीनी