Coronavirus Lockdown Day 8, तब्लीगी जमात में शामिल थे महराजगंज के 21 लोग, कोरंटाइन वार्ड में भर्ती Gorakhpur News
महराजगंज के 21 लोग तब्लीगी मरकज कार्यक्रम में शामिल होकर कामाख्या एक्सप्रेस से वापस घर चले आए। सभी 21 मार्च से चोरी छिपे अपने घरों में मौजूद थे।
गोरखपुर, जेएनएन। राजधानी दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी मरकज में महराजगंज जिले के 21 लोग शामिल हुए थे। इन सभी लोगों को पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार की शाम महराजगंज के जिला महिला अस्पताल के कोरंटाइन वार्ड में भर्ती करा दिया है।
घरों पर मौजूद थे सभी, पुलिस ने पकड़ा
जानकारी के मुताबिक उक्त सभी लोग 18 व 19 मार्च को दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी मरकज कार्यक्रम में शामिल होकर कामाख्या एक्सप्रेस से वापस घर चले आए। सभी 21 मार्च से चोरी छिपे अपने घरों में मौजूद थे। उक्त लोगों ने किसी को भनक तक नहीं लगने दी। मामले की जानकारी हुई तो पुलिस सक्रिय हुई और सभी को पकड़कर तीन एंबुलेंसों के माध्यम से महिला अस्पताल के कोरंटाइन वार्ड में भर्ती कराया दिया गया।
परिवार के सदस्यों को भी कोरंटाइन में रहने के निर्देश
चिकित्सकों ने मरकज में शामिल सभी के परिजनों से घर में कोरंटाइन करने का निर्देश दिया है। डाक्टरों के अनुसार सभी की सख्त निगरानी की जाएगी। इसके लिए पुलिस को भी लगाया गया है।
तब्लीगी जमात में शामिल होने वालों के नाम
पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवान ने बताया कि कोल्हुई थाना क्षेत्र के कम्हरिया बुजुर्ग गांव निवासी नईम, इसरार, इनमिलदुल्लाह, आफताब, नदीम, मेराज व आफताब आलम, सोनपिपरी खुर्द गांव निवासी अताउल्लाह, अरशद व इमदादुल्लाह, एकसड़वा गांव निवासी आशिक अली, सदरुल हक, बड़हरा इंद्रदत्त गांव निवासी अब्दुल हसीन, नूर आलम व इब्राहिम व पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के विशुनपुर फुलवरिया निवासी अशफाक, सलाउद्दीन, असरूद्दीन, इम्तियाज तथा इसी थाना क्षेत्र के विशुनपुर कुर्सियां निवासी निजामुद्दीन व वसीउल्लाह दिल्ली के तब्लीगी मरकज में शामिल हुए थे।
शासन की सूचना पर आए पकड़ में
इन लोगों की सूचना शासन से मिली थी। सूची के आधार पर सभी लोगों को चिन्हित किया गया है। इन्हें महिला अस्पताल में कोरंटाइन किया गया है। डीएम डा. उज्वल कुमार व एसपी रोहित सिंह सजवान ने देर शाम कोल्हुई थाने पर पहुंच कर इस मामले में जानकारी प्राप्त की। सीएमओ डा. एके श्रीवास्तव ने कहा कि कोरंटाइन किए गए सभी लोगों की स्वास्थ्य टीम निगरानी कर रही है।