Gorakhpur Coronavirus News: गोरखपुर 202 नए संक्रमित मिले, 632 मरीज हुए स्वस्थ
गोरखपुर में बुधवार को 202 नए संक्रमित मिले लेकिन तीन गुना अधिक मरीज स्वस्थ हुए। 24 घंटे में स्वस्थ होने वालों की संख्या 632 है। बीआरडी मेडिकल कालेज में 13 संक्रमितों की मौत हो गई। इसमें तीन गोरखपुर के मरीज थे।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर में कोरोना संक्रमण से राहत मिलती दिख रही है। बुधवार को 202 नए संक्रमित मिले लेकिन तीन गुना अधिक मरीज स्वस्थ हुए। 24 घंटे में स्वस्थ होने वालों की संख्या 632 है। बीआरडी मेडिकल कालेज में 13 संक्रमितों की मौत हो गई। इसमें तीन गोरखपुर के मरीज थे। जिले में संक्रमितों की संख्या 58489 हो गई है। 55226 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 646 की मौत हो चुकी है। 2617 सक्रिय मरीज हैं। सीएमओ डा. सुधाकर पांडेय ने इसकी पुष्टि की है।
इनकी हुई मौत
गोरखपुर के गोरखनाथ व बसही निवासी एक-एक महिला मेडिकल कालेज के कोराेना वार्ड में भर्ती थीं। बुधवार को उनकी मौत हो गई। उनकी उम्र क्रमश: 71 व 76 वर्ष थी। इसी वार्ड में भर्ती खरैया बाजार के 52 वर्षीय व्यक्ति ने भी अंतिम सांस ली। इसके अलावा संत कबीर नगर, बिहार के गोपालगंज, कुशीनगर व देवरिया के दो-दो तथा महराजगंज व महाराष्ट्र के एक मरीज की मौत हो गई।
कोरोना कम हो रहा और बरतें सतर्कता
सीएमओ डा. सुधाकर पांडेय ने आम जन से अपील की है कि कोरोना खत्म हो रहा है। और ज्यादा सतर्कता बरतने की जरूरत है। बचाव के नियमों के पालन से ही हम इसे मात दे सकते हैं। दूसरी तरफ लोगों को सुरक्षित करने के लिए टीकाकरण अभियान चल रहा है। अधिक से अधिक लोग टीका लगवाएं, ताकि कोरोना को निष्प्रभावी किया जा सके।
10 हजार से अधिक लोगों ने लगवाया टीका
कोविड टीकाकरण अभियान में बुधवार को 10022 लोगों ने टीका लगवाया। हर जगह लंबी लाइन लगाकर लोगों ने अपनी बारी की प्रतीक्षा की। बूथों पर उत्सव व उल्लास का माहौल था। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. एनके पांडेय ने बताया कि 9851 को पहली डोज लगाई गई। इसमें 8024 लोग 18 से 44 वर्ष के बीच के थे। 45 पार 171 लोगों को दूसरी डोज दी गई।
होम्योपैथ के डाक्टर भी करेंगे कोरोना के सामान्य लक्षण वाले मरीजों का इलाज
आयुष मंत्रालय ने होम्योपैथ के डाक्टरों को भी कोरोना के मरीजों का इलाज करने की अनुमति दे दी है। लेकिन वे सामान्य लक्षण वाले मरीजों का ही इलाज करेंगे। स्थिति गंभीर होने पर तत्काल उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर करेंगे। इस संबंध में मंत्रालय ने गाडलाइन जारी कर निर्देश दिया है।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डा. प्रकाश चंद्र ने इसकी पुष्टि की है। मंत्रालय ने कहा है कि कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए होम आइसोलेट मरीजों को होम्योपैथिक चिकित्सक देख सकते हैं। बिना लक्षण वाले मरीजों तथा उनके संपर्क में आने वालों को आर्सेनिक एल्बम-30 सी की चार गोली दिन में दो बार सात दिन तक देनी होगी।
सामान्य लक्षण वाले मरीजों को एकोनिटम नेपोलस, आरर्सेनिक एल्बम, बेलाडोना, बरयोनिया एलबा, इयूपाटोरियम परफोलियटम, फेरम फास्फोरिकम, गलसेमियम, फास्फोरस, रस टाक्सिकोडेंड्रम दवाएं दी जाएंगी। दवा की खुराक डाक्टर मरीज की तबीयत देखकर तय करेंगे। मरीज के लक्षणों पर लगातार नजर रखनी होगी। बुखार और आक्सीजन का स्तर दिन में दो बार जांचना होगा। उसे घर से निकलने और घर में भी सामाजिक दूरी बनाने की हिदायत देनी होगी।