तिलक समारोह में की अश्लील हरकत, मना करने पर छह महिलाओं समेत 12 लोगों को पीटा Gorakhpur News
जंगल सिकरी बाईपास निवासी रामदरश के घर तिलक समारोह था। जिसमें रामनगर कडज़हां व ब्रह्मपुर के रहने वाले उनके रिश्तेदार आए थे। रात में डीजे चल रहा था। तभी पड़ोस का एक युवक शराब के नशे में पहुंचा।
गोरखपुर, जेएनएन। खोराबार के जंगल सिकरी गांव में रात तिलक समारोह में पहुंचे मनबढ़ युवक ने डीजे पर चढ़कर हंगामा और अश्लील हरकत करना शुरू कर दिया। परिवार के लोगों ने रोका तो साथियों को बुलाकर पीट दिया। इस दौरान छह महिलाओं समेत 12 लोग घायल हो गए। खोराबार पुलिस ने नौ आरोपितों के खिलाफ जानलेवा हमला, बलवा, मारपीट करने का केस दर्ज कर तीन आरोपितों को हिरासत में लिया है।
जंगल सिकरी बाईपास निवासी रामदरश के घर तिलक समारोह था। जिसमें रामनगर कडज़हां व ब्रह्मपुर के रहने वाले उनके रिश्तेदार आए थे। रात में डीजे चल रहा था। तभी पड़ोस का एक युवक शराब के नशे में पहुंचा। डीजे पर डांस करते हुए अश्लील हरकत करने लगा। रामदरश के मना करने पर हाथापाई कर ली। परिवार के लोगों ने युवक को हटाया तो उसने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया और तिलक समारोह में आए लोगों को लाठी-डंडे से पीट दिया। रामदरश के परिवार की छह महिलाएं समेत 12 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल सुनील एवं विजय को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। सीओ कैंट सुमित शुक्ल ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर तीन आरोपितों को पकड़ लिया गया है। अन्य की तलाश चल रही है।
बारातियों से भरी स्कूली बस पलटी
बड़हलगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मैभरा पुलिया के पास बारातियों से भरी स्कूली बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। इसमें कुछ बारातियों को चोटें आई हैं। कस्बे के एक निजी अस्पताल में उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। थाना क्षेत्र के ग्राम बैरिया खास निवासी छेदी साहनी के बेटे संदीप की शादी के लिए कुशीनगर बरात जा रही थी। बस अभी बैरिया खास से करीब चार किलोमीटर दूर लखनौरी मैभरा पुलिया के पास पहुंची थी कि रास्ता सकरा होने के कारण पलट गई। बस में अधिकांश बच्चे सवार थे। बाद में उनकी चीख पुकार सुनकर इर्द गिर्द के लोग भी मौके पर आ गए और उन्हें इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल भेजा गया। चार घायलों को हल्की-फुल्की चोट आई थी। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।