यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 03, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
उल्टी दस्त से दो की मौत, एक दर्जन बीमार

गोंडा: मौसम का रुख बदला तो बीमारियों ने भी पांव पसारना शुरू कर दिया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलसर के एक गांव में उल्टी दस्त से एक महिला समेत दो की मौत हो गयी। जबकि करीब एक दर्जन बीमार लोगों का इलाज चल रहा है। सीएमओ के मुताबिक फूड प्वायजनिंग के कारण मौत हुई है। फिलहाल गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम को भेजा गया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलसर के बादलपुर के ठेकी गांव में उल्टी दस्त की बीमारी ने कहर बरपा दिया। यहां पर उल्टी दस्त से बीमार बसंत लाल के चार वर्षीय बेटे गुड्डू व नकई की 35 वर्षीय पत्नी विद्या की मौत हो गयी। गांव में कई अन्य लोग बीमार हो गए। गांव में फैली इस बीमारी की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी गयी। आनन फानन में स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्वास्थ्य टीम ने यहां पर बीमार लोगों का उपचार शुरू कर दिया है। यहां पर स्वास्थ्य टीम ने 33 लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें दवाइयों का वितरण किया है। वैसे इस गांव में लालता, अनूप, सुषमा, लक्ष्मी, रोशनी सहित एक दर्जन बीमार लोगों का उपचार स्वास्थ्य विभाग की टीम कर रही है। बीमार लोग उल्टी दस्त से परेशान हैं, अधिकांश का इलाज गांव में ही हो रहा है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरिफ जमील अंसारी ने बताया कि सूचना मिली थी, गांव में वह खुद डाक्टरों की टीम के साथ गए हुए थे। गांव में जो मौतें हुई हैं, वे फूड प्वायजनिंग से हुई हैं। सीएमओ डा. जेपी गुप्त का कहना है कि सूचना मिली है, मौत फूड प्वायजनिंग से हुई है। टीम गांव में कैंप कर रही है।
