आज नहीं होगा पंचायत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
पंचायत चुनाव को लेकर मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की उम्मीदों को झटका लगा ।
संसू, गोंडा : पंचायत चुनाव को लेकर मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की उम्मीदों को झटका लगा है। अब 22 जनवरी को मतदाता सूची का प्रकाशन नहीं होगा। ये फैसला राज्य निर्वाचन आयोग ने लिया है। जल्द ही मतदाता सूची को लेकर संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी होने की संभावना जताई जा रही है। ये स्थिति ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन व वार्ड परिसीमन से बनी है।
राज्य निर्वाचन आयोग ने छह माह पूर्व त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर वृहद मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान शुरू किया था। ये अभियान जिले की 1054 ग्राम पंचायतों में शुरू कराया गया। इसी बीच पंचायतीराज विभाग ने वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर ग्राम पंचायतों का पुनर्गठन शुरू कर दिया। पुनर्गठन फाइनल होने के बाद जिले में 160 नई ग्राम पंचायतें अस्तित्व में आ गई। इसके बाद वार्ड परिसीमन की कार्यवाही शुरू हुई। उधर, आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची के ड्रॉफ्ट का प्रकाशन करके दावा, आपत्ति मांगी गई थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 जनवरी को किया था। इसी बीच पंचायतीराज विभाग ने वार्ड परिसीमन की कार्यवाही फाइनल करके सूची आयोग को भेज दी। ऐसे में अब मतदाता सूची तैयार की जानी है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं नगरीय निकाय नारायण ने बताया कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन रोक दिया गया है। जल्द ही नया पुनरीक्षण कार्यक्रम आने की जानकारी दी गई है। इनसेट
पंचायत चुनाव के आंकड़ों पर एक नजर
-1214 जिले में कुल ग्राम पंचायतें
-10 ग्राम पंचायतों में नहीं होंगे प्रधान व सदस्य के चुनाव
-1204 ग्राम पंचायतों में होंगे सभी पदों के लिए चुनाव
-1612 सदस्य क्षेत्र पंचायत के वार्ड
-15410 सदस्य ग्राम पंचायत के वार्ड
-65 सदस्य जिला पंचायत वार्ड
-1480 जिले में मतदान केंद्र
-4195 जिले में मतदेय स्थल
-26.04 लाख जिले में कुल मतदाता