हर ब्लॉक में बनाए जा रहे दो-दो आदर्श तालाब
मनरेगा के तहत चल रहा तालाबों का सुंदरीकरण कार्य जिले में 700 तालाबों को पर कार्य शुरू होने का दावा
गोंडा : बारिश के पानी को संरक्षित करने के लिए हर ब्लॉक में दो-दो आदर्श तालाब बनाने की कवायद शुरू हो गई है। इसके अलावा 700 तालाबों का सुंदरीकरण कार्य भी चल रहा है। तालाब का सुंदरीकरण होने के बाद प्रशासन पौधरोपण भी कराएगा, जिससे गर्मी के मौसम में पशु-पक्षियों को छाया मिल सके। इन तालाबों पर करीब 10 हजार श्रमिक काम कर रहे हैं।
तालाब प्राकृतिक धरोहर हैं। आधुनिकता की दौड़ में लोग धीरे-धीरे तालाबों को पाटकर घर बना रहे हैं या फिर खेतों में मिला रहे है। ऐसे में बारिश का पानी संरक्षित नहीं हो पाता है। गांवों में विलुप्त हो रहे तालाबों को खोजकर सुंदरीकरण कराने की मुहिम चलाई जा रही है। अफसरों ने प्रत्येक ब्लॉक में दो-दो आदर्श तालाब बनाने का फैसला किया है। इसपर आने वाला पूरा खर्च मनरेगा के तहत किया जाएगा। इसके अलावा करीब 700 अन्य तालाबों पर भी कार्य चल रहा है। इस मुहिम से तालाबों को नया जीवन मिलने के साथ ही प्रवासियों को रोजगार भी मिल रहा है। करीब 10 हजार श्रमिक इन तालाबों पर कार्य कर रहे हैं।
इन ब्लॉकों में बन रहा आदर्श तालाब:- झंझरी, पंड़रीकृपाल, रुपईडीह, मुजेहना, इटियाथोक, कर्नलगंज, परसपुर, कटराबाजार, हलधरमऊ, मनकापुर, छपिया, बभनजोत, तरबगंज, बेलसर, वजीरगंज व विकासखंड नवाबगंज में आदर्श तालाब का निर्माण कार्य चल रहा है।
मनरेगा के तहत प्रत्येक ब्लॉक की दो-दो ग्राम पंचायतों में आदर्श तालाब का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा 700 अन्य तालाबों पर भी कार्य चल रहा है। इससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
- शशांक त्रिपाठी, सीडीओ गोंडा