पंप हाउस का मोटर जला, एक हजार घरों की पेयजल आपूर्ति ठप
राजकीय आश्रम पद्धति स्कूल व कांशीराम कॉलोनी का मामला पानी के लिए तरस रहे लोग जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान
गोंडा: सिविल लाइंस स्थित राजकीय आश्रम पद्धति स्कूल के बगल स्थित पंप हाउस का मोटर जल गया। इससे स्कूल के साथ ही कांशीराम आवासीय कॉलोनी की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। इससे यहां पर रह रही करीब एक हजार की आबादी के सामने पेयजल का संकट खड़ा हो गया। हालांकि पालिका प्रशासन जल्द ही पंप हाउस की मरम्मत कराने का दावा कर रहा है। कांशीराम आवासीय कॉलोनी में रह रहे पराग, सुमित, साधू का कहना है कि एक सप्ताह पहले पंप हाउस का मोटर जल गया था, इसके बाद से लोगों को समस्या पैदा हो गई। यहां पर पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। जब इसकी जानकारी अधिकारियों को दी गई तो उन्होंने पालिका से पानी का टैंकर भिजवा दिया। इससे लोगों के घरों में पानी की आपूर्ति तो शुरू हो गई, शनिवार को वह भी खत्म हो गया। इसके बाद कॉलोनी में रह रहे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई। स्थानीय नागरिकों ने प्रदर्शन कर व्यवस्था पर नाराजगी जताई।
गहराया पेयजल संकट
कॉलोनी में रह रही महिलाओं का कहना था कि पानी ही नहीं है, ऐसे में सबसे बड़ी दिक्कत खाना बनाने में आ रही है। बगल की कॉलोनी से बाल्टी में पानी लाया जाता है। इसके बाद घर के काम उससे होते हैं। यही नहीं, रोजमर्रा के अन्य काम भी प्रभावित हो रहे हैं।
यहां भी समस्या:
गोंडा-लखनऊ मार्ग पर शहीदे आजम भगत सिंह इंका के समीप दुकान के सामने पाइप लाइन में लीकेज है। बड़गांव से जयनरायन चौराहे को जाने वाली रोड पर भी पाइप लाइन में लीकेज के कारण पानी सड़क पर बह रहा है। इससे मुश्किल हो रही है।
जिम्मेदार के बोल
-पालिका में जलकल की अवर अभियंता अर्चना का कहना है कि राजकीय आश्रम पद्धति स्कूल के समीप पंप हाउस का मोटर जल गया था, उसे सही कराया जा रहा है। पाइप लाइन में लीकेज की समस्या के बाबत अधिकारियों को बताया जा रहा है।