गर्भवती नहीं लगाएंगी लाइन, इलाज को मिलेगा टोकन
गोंडा: मनकापुर की रीना गर्भवती है। वह जिला महिला अस्पताल में डॉक्टर को दिखाने के लिए आई थीं। यहां पर
गोंडा: मनकापुर की रीना गर्भवती है। वह जिला महिला अस्पताल में डॉक्टर को दिखाने के लिए आई थीं। यहां पर डॉक्टर को दिखाने के लिए वह परेशान थीं। लंबी लाइन लगी हुई थी। ऐसे में वह अपनी बारी का इंतजार कर रही थीं। करीब सवा घंटे के बाद जब उनका नंबर आया तब वह डॉक्टर को दिखा सकी। तब तक खड़े-खड़े उनकी सेहत बिगड़ने लगी। इसे देख महिला अस्पताल प्रशासन ने एक नई व्यवस्था शुरू करने का निर्णय लिया है।
जिला महिला अस्पताल में प्रतिदिन करीब चार सौ महिला मरीज ओपीडी में पहुंच रही है। यहां पर ओपीडी का कक्ष छोटा होने के कारण महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सबसे ज्यादा दिक्कत गर्भवती महिलाओं को उठानी पड़ रही है। ऐसे में अब मरीजों को लाइन लगाने के कारण हो रही परेशानी से निजात दिलाने के लिए टोकन नंबर जारी करने का निर्णय लिया गया है। डॉक्टर की ओपीडी में एक कर्मचारी तैनात किया जाएगा। जिसको टोकन दिया जाएगा। संबंधित कर्मचारी मरीज का पर्चा जमा करके उसे टोकन नंबर जारी करेगा। इसके बाद मरीज को बैठने के लिए कुर्सियों का इंतजाम किया गया है। जहां पर मरीज बैठेंगे। बाद में टोकन नंबर के हिसाब से जब उसका नंबर आएगा तब वह जाकर डॉक्टर से परामर्श लेगा। इससे गर्भवती महिला मरीजों को काफी सहूलियत होगी।
डायबिटीज की भी होगी जांच
- डायबिटीज की बीमारी का दायरा बढ़ता जा रहा है। मरीजों की बढ़ रही संख्या को देखते हुए अब जिला महिला अस्पताल में आने वाली हर गर्भवती महिला की डायबिटीज की भी जांच कराई जाएगी। जिससे इस बीमारी पर नियंत्रण पाया जा सके।
जिम्मेदार के बोल
गर्भवती महिलाओं को इलाज के दौरान किसी भी तरह की समस्या न हो, इसके लिए प्रयास किया जा रहा है। साथ ही सुविधाओं को और अधिक बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
- डॉ. एपी मिश्र, सीएमएस जिला महिला अस्पताल।