शहर में पुलिस का मार्च, सीमा पर चौकसी
सतर्क की गई पुलिस लगाए गए बैरियर
गोंडा: बुधवार को अयोध्या में श्रीराम जन्म भूमि मंदिर के भूमि पूजन कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है। सीमा पर कटरा शिवदयालगंज में बैरियर लगाकर अयोध्या जाने वाले रास्ते पर आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है। यही नहीं, रास्तों में अन्य स्थलों पर स्थापित चेक पोस्ट को सक्रिय कर दिया गया है। यहां पर पुलिस कर्मियों की तैनाती करके आने जाने वाले हरेक व्यक्ति पर नजर रखने को कहा गया है।
एसपी आरके नैय्यर ने कटरा शिवदयालगंज स्थित सरयू पुल पहुंचकर सुरक्षा प्रबंधों के बारे में जानकारी हासिल की। यहां पर सड़क मार्ग के साथ ही नदी के रास्तों पर भी नजर रखने के लिए पुलिस कर्मियों को लगाया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार का कहना है कि यातायात व्यवस्था में बदलाव संबंधी निर्देशों का पालन किया जा रहा है। शहर में सीओ लक्ष्मीकांत व नगर कोतवाल आलोक राव ने पुलिस बल के साथ पैदल मार्च किया। लोगों को सुरक्षा का एहसास दिलाया। डीआइजी देवीपाटन डॉ. राकेश सिंह का कहना है कि पुलिस हाई अलर्ट पर है। निगरानी की जा रही है।