विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोंडा समेत 4 जिलों के 48784 लोगों को मिलेगा PM आवास योजना ग्रामीण का लाभ, अपने घर का सपना होगा पूरा

Published: Wed, 16 Sep 2026 05:08 PM (IST)

देवीपाटन मंडल में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 48,784 पात्रों को लाभ मिलेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. देवीपाटन मंडल में 48,784 पात्रों को मिलेगा योजना का लाभ।

  2. गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती जिलों में लक्ष्य आवंटित।

  3. लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए 1.20 लाख रुपये मिलेंगे।

संवाद सूत्र, गोंडा। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत देवीपाटन मंडल में लक्ष्य का आवंटन हो गया है। गोंडा, बलरामपुर, बहराइच व श्रावस्ती जिले में वित्तीय वर्ष 2026-27 में 48 हजार 784 पात्रों को योजना का लाभ मिलेगा। हालांकि, अभी तक पात्रों की अंतिम सूची जारी नहीं हो सकी है। शासन से निर्देश मिलते ही लाभार्थियों का आवास स्वीकृत किया जाएगा।

गांवों में रहने वाले बेघर गरीबों को पक्का घर देने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत एक वर्ष पूर्व सर्वे कराया गया था।

आपलाइन सर्वे के बाद कई बार सत्यापन हुए, लेकिन अभी तक अंतिम सूची जारी नहीं हो सकी है। वहीं, शासन ने
जिलेवार लक्ष्य आवंटित कर दिया है, लेकिन स्वीकृति को लेकर काेई निर्देश जारी नहीं किया गया है।

देवीपाटन मंडल के गोंडा जिले में 12 हजार 348, बहराइच में 27 हजार 229, बलरामपुर में 2992 व श्रावस्ती जिले में 6215 पात्रों को लाभ दिया जाना है। चयनित लाभार्थी को आवास निर्माण के लिए एक लाख 20 हजार रुपये मिलेंगे। परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पांडेय ने बताया कि शासन से भौतिक लक्ष्य आनलाइन मिला है। उच्चाधिकारियों का निर्देश मिलने पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

गांव में कितने पात्र अभी स्पष्ट नहीं

ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष उमापति त्रिपाठी का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत अभी पात्रों की अंतिम सूची जारी नहीं हुई है। पोर्टल पर लगातार संख्या कम होती जा रही है। अंतिम सूची जारी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि योजना का लाभ किसे मिलेगा। उन्होंने कहा कि वंचित लोगों को मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण का लाभ दिया जाए।

यह भी पढ़ें- यूपी के पंचायत सहायकों का मानदेय बढ़ा, योगी सरकार DBT के माध्यम से सीधे खातों में भेजेगी पैसे