विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोंडा में पिक अप वैन ने कोचिंग पढ़ने जा रहे कक्षा नौ व दस के छात्रों को रौंदा, बाइक को दस मीटर तक घसीटता रहा वाहन

Published: Mon, 07 Sep 2026 11:57 AM (IST)

Gonda Accident News: भटपुरवा के विजय कुमार का बेटा अमन उपाध्याय कक्षा नौ में पढ़ता था। इसी गांव के उमेश मौर्य का बेटा विपिन मौर्य कक्षा दस का छात्र था।

मृतक अमन उपाध्याय              मृतक विपिन मौर्य

मृतक अमन उपाध्याय मृतक विपिन मौर्य

HighLights

  1. हादसे के बाद से गांव में शोक लहर, मृतकों के परिवारीजन का रो-रोकर हाल बेहाल

  2. एक ने मौके पर दम तोड़ा तो दूसरे की अस्पताल में मौत

संवाद सूत्र, गोंडा। खरगूपुर में घर से बाइक लेकर कोचिंग जा रहे दो छात्रों को तेज रफ्तार पिक-अप वाहन ने रौंद दिया। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार दोनों छात्रों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। लखनऊ के थाना बीबीडी के बाजूपुर निवासी पिकअप चालक उत्तम सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।

इटियाथोक-खरगूपर मार्ग पर पिपरा भोधर गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार छात्रों को रौंद दिया। बाइक सहित दोनों छात्रों को पिकअप करीब दस मीटर तक घसीट ले गया। हादसे में कक्षा नौ के छात्र अमन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कक्षा दस के छात्र विपिन मौर्य ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया।

भटपुरवा के विजय कुमार का बेटा अमन उपाध्याय कक्षा नौ में पढ़ता था। इसी गांव के उमेश मौर्य का बेटा विपिन मौर्य कक्षा दस का छात्र था। दोनों प्रतिदिन की तरह सोमवार को पिपरा भोधर में कोचिंग पढ़ने के लिए बाइक से जा रहे थे। दोनों इटियाथोक-खरगूपर मार्ग स्थित पिपरा भोधर गांव के पास पहुंचे थे। इसी दौरान पिकअप वाहन ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमन ने सड़क पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं गंभीर रूप से घायल विपिन को परिवारीजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सक डा. अजय यादव ने जांच के बाद उसे भी मृत घोषित कर दिया। एक साथ दो छात्रों की मौत की सूचना भटपुरवा पहुंचते ही गांव में मातम छा गया।

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। हादसे में शामिल ब्रेड वाहन (पिकअप) के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और वाहन चालक की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।

दो छात्रों की मौत के बाद मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक अमन तीन भाई व दो बहनें में दूसरे स्थान हैं। वहीं, मृतक विपिन दो भाई व एक बहन में सबसे छोटा था। प्रभारी निरीक्षक राजेश तिवारी ने बताया कि पिकअप को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई।