विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 17, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

विष्णुपुरी में डेंगू की दस्तक, एक बीमार

By Edited By:
Published: Thu, 17 Oct 2013 09:53 PM (IST)Updated: Thu, 17 Oct 2013 09:55 PM (IST)

News Article Hero Image

गोंडा: शहर की विष्णुपुरी कालोनी में डेंगू ने दस्तक दे दिया है। कालोनी निवासी व नगर पालिका में कार्यरत एक कर्मी को डेंगू ने अपने चपेट में ले लिया है। उसका इलाज इन दिनों लखनऊ के एक चिकित्सक के यहां से चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अभी बीमारी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है, फिर भी अगर ऐसा है, तो देखवाया जा रहा है।

शहर के विष्णुपुरी कालोनी की आबादी करीब 12 हजार के आसपास है। यहां के निवासी व नगर पालिका परिषद में कार्यरत कर्मी 55 वर्षीय जीडी पांडेय पिछले तीन अक्टूबर को बुखार से एकाएक बीमार पड़े। जिस पर उन्होंने मुख्यालय पर एक निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराया। चिकित्सक ने उन्हें जांच कराने की सलाह दी। जांच कराने पर मरीज को टायफाइड से ग्रसित पाया गया। इसका उपचार कराने के बाद भी जब उन्हें कोई राहत नहीं मिली तो उन्होंने लखनऊ में एक निजी चिकित्सक को दिखाया। लखनऊ में हुई जांच में मरीज को डेंगू पाजीटिव पाया गया। 9 अक्टूबर को हुई जांच में मरीज की प्लेटलेट्स 57 हजार काउंट की गई। वहां पर एक सप्ताह रुककर इलाज कराने के बाद बुधवार की शाम जीडी पांडेय अपने घर पर लौटे हैं।

विष्णुपुरी कालोनी में कूड़े करकट के ढेर के साथ ही पानी का जमाव भी समस्या पैदा कर रहा है। पिछले साल भी विष्णुपुरी कालोनी में इसी माह 25 वर्षीय संदीप सिंह डेंगू से बीमार पड़ गये थे। डेंगू से बीमार होने के बाद उनका भी लखनऊ में इलाज कराया गया था। उसके बाद काफी हो हल्ला हुआ फिर सफाई कराई गई। इससे पहले नवाबगंज के एक व्यक्ति को दिल्ली में डेंगू हो गया था। जिस पर संबंधित इलाके में स्वास्थ्य विभाग ने दवाओं का छिड़काव कराया था। अब शहर में डेंगू की दस्तक के बाद भी स्वास्थ्य विभाग खामोश है।

इनसेट

अधिकारियों ने नहीं दिया ध्यान

गोंडा: विष्णुपुरी कालोनी की सभासद अल्पना सिंह के प्रतिनिधि भानु प्रकाश सिंह का कहना है कि कालोनी में डेंगू के फैलने की सूचना तीन दिन पहले ही सीएमओ, जिला मलेरिया अधिकारी व नगर पालिका के अधिकारियों को दी गयी थी, लेकिन अभी तक किसी भी विभाग के अधिकारियों ने यहां के हालात का जायजा लेने तक की जरूरत नहीं समझी। जिससे बीमारियां पांव पसार रही है। मोहल्ले में न तो मच्छर रोधी दवाओं का छिड़काव किया गया है, न ही अन्य कोई प्रबंध।

इनसेट

क्या है डेंगू

-डेंगू मच्छर से फैलता है। डेंगू का मच्छर कूलर का पानी, पानी की टंकी, पक्षियों व पशुओं के पीने का पानी का बर्तन, फ्रिज की ट्रे, फूलदान, नारियल का खोल, टूटे हुए बर्तन, टायर, प्लास्टिक डिस्पोजल बर्तन व गिलास में पानी के जमाव से पैदा होता है। यह मच्छर दिन में ही काटता है।

डेंगू के लक्षण

-तेज सिर दर्द, बुखार, मांसपेशियों व जोड़ों मे दर्द, आंखों में दर्द, जी मचलाना, उल्टी आना, गंभीर रोगियों में नाक, मुंह व मसूड़ों से खून आना

डेंगू से बचाव के लिए क्या करें

-पानी से भरे बर्तनों व टोकिरयों को ढक कर रखें।

- सप्ताह में एक बार कूलर को खाली करके सुखा लें।

- डेंगू के मच्छर से बचने के लिए ऐसे कपड़े पहनें जो बदन को पूरी तरह से ढके रखें।

- डेंगू की बीमारी पर बगैर चिकित्सक की सलाह के कोई दवा न लें।

डेंगू की बीमारी पर यह न करें

- घरों के आसपास जलभराव न रहने दें।

- एस्प्रीन व आईब्रूफेन का इस्तेमाल न करें।

- शरीर को खुला रखकर न सोयें।

- नीम हकीम से उपचार न करायें।

इनसेट

मांगी जा रही है रिपोर्ट

गोंडा: प्रभारी सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव का कहना है कि वैसे अभी तक डेंगू की बीमारी के बारे में कोई अधिकृत जानकारी नहीं मिली है, इसके बावजूद भी अगर कहीं पर कोई बीमार है तो उसकी पूरी जानकारी हासिल की जा रही है। केस हिस्ट्री आने के बाद निरोधात्मक कार्रवाई की जायेगी।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर