अपहरण कर दिव्यांग युवक की हत्या
चली आ रही मुकदमे की रंजिश में एक दिव्यांग युवक की हत्या कर दी गई।घटना को अंजाम तरबगंज थाने के रांगी स्थित विषैंधा मजरे में दिया गया। जहां एक दिव्यांग युवक का घर से अपहरण कर हत्या किए जाने का आरोप है। मृतक युवक का शव गांव के बाहर
गोंडा : दो पक्षों के बीच चली आ रही मुकदमे की रंजिश में एक दिव्यांग युवक को घर से अगवा कर लिया गया। आरोप है कि बाद में तरबगंज थाने के रांगी स्थित विषैंधा मजरे में डंडे से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई। मृतक युवक का शव गांव के बाहर सड़क पर पड़ा मिला। क्षेत्र में हुई इस वारदात से सनसनी फैल गई। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर पड़ताल की।
मृतक की मां ममता मिश्रा ने बताया कि शनिवार की रात को उनका दिव्यांग लड़का मोहित (18) पुत्र पवन कुमार बरामदे में सो रहा था। गांव के ही छह लोग रात करीब एक बजे उसके घर पर पहुंचे। उन लोगों ने दिव्यांग को अगवा कर लिया। आरोप है कि दबंगों ने उसे व अन्य लोगों को धमकी देते हुए कहा कि यदि मुंह खोला तो जान से मार देंगे। उक्त लोगों के जाते ही अन्य परिवारजनों को घटना की जानकारी दी गई। जिसके बाद मोहित की तलाश शुरू कर दी गई। युवक दोनों पैरों से दिव्यांग होने के साथ ही बोल पाने में भी असमर्थ था। रात में काफी खोजबीन के बाद भी कोई पता नहीं चला। सुबह घर से कुछ दूर स्थित दक्षिण तरफ सड़क के पास उसका शव मिला। मां का आरोप है कि उसके बेटे की डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अपहरण कर हत्या करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ संजय दूबे ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक हृदेश कुमार ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस को आरोपितों की गिरफ्तारी जल्द किए जाने के निर्देश दिए हैं।