गोंडा मे नागा बाबा मंदिर के महंत पर जानलेवा हमला, घायल
गोंडा के नगर कोतवाली के मालवीय नगर में नागा बाबा मंदिर के महंत पर दबंगों ने बीती रात हमला करके उनको घायल कर दिया।
गोंडा (जेएनएन)। प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के कार्यकाल में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही संत व महंतों पर हमले बढ़ रहे हैं। गोंडा में कल देर रात नागा बाबा मंदिर के महंत पर लोगों ने जानलेवा हमला बोला। जिससे वह घायल हो गए हैं। आज जानकारी होने पर पुलिस इस मामले की पड़ताल कर रही है।
गोंडा के नगर कोतवाली के मालवीय नगर में नागा बाबा मंदिर के महंत पर दबंगों ने बीती रात हमला करके उनको घायल कर दिया। इस घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल का काम शुरू कर दिया है। नागा बाबा मंदिर के महंत ओंकार गिरि ने बताया कि रात में जब वह सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी एकाएक चार पांच लोग मंदिर में घुस आए।
जब तक वह कुछ समझ पाते, उन पर ईट व पत्थर से हमला करने लगे। जिससे वह घायल हो गए। उनके शोर मचाने पर पहुंचे लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस को मामले की जानकारी दी गई है। पुलिस ने पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।