डाक विभाग की नई पहल: अब घर बैठे पाएं 13 राज्यों के मंदिरों का प्रसाद, एक क्लिक पर होगी बुकिंग
डाक विभाग ने 13 राज्यों के प्रमुख मंदिरों से ऑनलाइन प्रसाद और पूजन सामग्री उपलब्ध कराने की नई सेवा शुरू की है।

HighLights
डाक विभाग ने ऑनलाइन प्रसाद वितरण सेवा शुरू की।
13 राज्यों के प्रमुख मंदिरों से पूजन सामग्री उपलब्ध।
अयोध्या, काशी विश्वनाथ का प्रसाद एक क्लिक पर।
जागरण संवाददाता, गोंडा। कहते हैं कि सच्ची श्रद्धा हो तो भगवान का दर्शन, प्रसाद व आशीर्वाद सब जगह मिल सकता है। आस्था से जुड़े इस विश्वास को सच करने के लिए डाक विभाग ने अयोध्या की हनुमानगढ़ी व वाराणसी के काशी विश्वनाथ समेत 13 राज्यों के प्रमुख मंदिरों से ऑनलाइन प्रसाद, पूजन और धार्मिक स्टेशनरी समेत अन्य पूजन सामग्री उपलब्ध कराने की सुविधा दी है। विभाग के होम पेज पर कोई भी श्रद्धालु जाकर इसे एक क्लिक से बुक कर सकेगा। इसके लिए वहां के दिए गए पोस्टमास्टर को अग्रिम धनराशि भेजनी होगी।
251 रुपये भेजने पर 200 ग्राम लड्डू, चंदन और अयोध्या दर्शन की किताब आएगी, जबकि यही धनराशि वाराणसी के वरिष्ठ डाक अधीक्षक को भेजने पर वहां से रुद्राक्ष माला, रक्षा सूत्र, महामृत्युंजय यंत्र व सूखे मेवे व मिश्री का प्रसाद आएगा।
इसी तरह के मुंबई के महागणपति का पेठा समेत अन्य प्रसाद सामग्री भी मंगाई जा सकेगी। फिलहल प्रदेश में अभी अयोध्या का हनुमानगढ़ी व वाराणसी का काशी विश्वनाथ मंदिर ही शामिल है।
विभाग की वेबसाइट से होगी बुकिंग
सहायक डाक अधीक्षक सीपी पांडेय ने बताया कि विभाग के होम पेज इंडिया पोस्ट पर जाकर श्रद्धालु आफर व सिटी सर्विसेज विकल्प में जाकर हाली ब्लीसिंग (पवित्र आशीर्वाद) के तहत टेंपल प्रसादम में जाकर वहां दर्ज 14 राज्यों के प्रसिद्ध मंदिरों के प्रसाद में दी जा रही सामग्री का विवरण व मूल्य देख सकते हैं। उन्हें संबंधित सब पोस्टमास्टर या वरिष्ठ अधीक्षक आफ पोस्ट आफिस के नाम से उतनी धनराशि का मनीआर्डर करना होगा।
इसके बाद वहां के मंदिर प्रशासन से डाक विभाग के अधिकारी व कर्मचारी संपर्क कर श्रद्धालु के घर तक प्रसाद समेत सामग्री भेजवा रहे हैं। हनुमान गढ़ी के प्रसाद में 200 ग्राम लड्डू,महावीर चंदन व अयोध्या दर्शन की किताब भेजी जाती है,जिसके लिए श्रद्धालु को 251 रुपये का मनीआर्डर करना होता है।
551 रुपये की भी प्रसाद सामग्री है, जिसमें प्रसाद व अन्य सामग्री अधिक रहती है। वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर से भी प्रसाद 200 व 251 रुपये में मिश्री व ड्राइफ्रूट का प्रसाद व रूद्राक्ष माला,रक्षासूत्र, शिव चालीसा श्रद्धालुओं के घर तक पहुंचाया जा रहा है।
आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, गुजरात, झारखंड, मध्यप्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना, वेस्ट बंगाल समेत 13 राज्यों के अन्य मंदिरों से भी यह सेवा है,जिसका लाभ श्रद्धालु लेकर ऑनलाइन प्रसाद समेत अन्य सामग्री मंगा सकते हैं।
यह भी पढ़ें- बिहार के 4 जिलों में खुलेंगे N-Gen पोस्ट ऑफिस, युवाओं को जोड़ने के लिए डाक विभाग की नई पहल
