विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जननायक एक्सप्रेस से मानव तस्करी, ट्रेन में सहमे मिले 12 बच्चे; मजदूरी कराने ले जा रहे थे तस्कर

Published: Fri, 11 Sep 2026 06:42 PM (IST)

Human Trafficking: बच्चों को बिहार के मोतिहारी से कुरुक्षेत्र के पेहवा कस्बे में चावल मिल में मजदूरी कराने के लिए ले जाया जा रहा था।

टीम ने गोंडा रेलवे स्टेशन पर बच्चों को सुरक्षित उतारकर दो बाल तस्करों को गिरफ्तार किया।

टीम ने गोंडा रेलवे स्टेशन पर बच्चों को सुरक्षित उतारकर दो बाल तस्करों को गिरफ्तार किया।

HighLights

  1. एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना गोंडा में दर्ज कराया गया मुकदमा

  2. बच्चों को चाइल्डलाइन को सौंप किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष किया गया पेश

  3. बिहार के मोतिहारी से कुरुक्षेत्र के पेहवा कस्बे में चावल मिल में मजदूरी कराने ले जा रहे थे बच्चे

संवाद सूत्र, गोंडा। रेलवे सुरक्षा बल की अपराध आसूचना शाखा की टीम ने मानव तस्करी के शक पर जननायक एक्सप्रेस को खंगाला तो उनको बड़ी सफलता मिली। जनरल कोच में डरे-सहमे बैठे 12 किशोर को मानव तस्कर मजदूरी कराने के लिए बिहार से हरियाणा ले जा रहे थे।

मानव तस्करी में जांच आगे बढ़ी तो बच्चों को मजदूरी के लिए बिहार से हरियाणा ले जाने का मामला सामने आया। टीम ने गोंडा रेलवे स्टेशन पर बच्चों को सुरक्षित उतारकर दो बाल तस्करों को गिरफ्तार किया। बच्चों को बिहार के मोतिहारी से कुरुक्षेत्र के पेहवा कस्बे में चावल मिल में मजदूरी कराने के लिए ले जाया जा रहा था।

अपराध आसूचना शाखा प्रभारी निरीक्षक उदय राज ने बताया कि टीम ने ट्रेन संख्या 15211 में बरुआचक से गोंडा के बीच जांच की गई। सामान्य डिब्बे में बच्चों के साथ प्रमोद कुमार निवासी कटहा और विजय शाह निवासी मिथुनपुरा थाना मेहसी जिला मोतिहारी मिले। पूछताछ में दोनों ने बच्चों को हरियाणा ले जाने की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार ठेकेदार अनिल और मुकेश ने बच्चों को पहुंचाने की जिम्मेदारी दोनों को दी थी। आरोप है कि बच्चों के स्वजन को प्रलोभन देकर उन्हें भेजने के लिए अग्रिम धनराशि भी दी गई थी। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना गोंडा में प्रमोद, विजय, अनिल और मुकेश के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी बच्चों को चाइल्डलाइन के सिपुर्द कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।