हादसे ने दिया दर्द, आयुष्मान से मिली मुस्कान
गोंडा सोमवार को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना को एक साल पूरा हो रहा है। आज स्वास्थ्य विभाग आयुष्मान भारत दिवस मना रहा है।
गोंडा : सोमवार को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना को एक साल पूरा हो रहा है। आज स्वास्थ्य विभाग आयुष्मान भारत दिवस मना रहा है। जरूरतमंदों के इलाज के लिए शुरू की गई योजना ने साल भर में 3,754 मरीजों की जिदगी में खुशियां बिखेरी हैं। कई ऐसे थे, जिनके पास कुछ भी नहीं था। ऐसे में गोल्डन कार्ड ने उनकी मुस्कान लौटाई है।
मुजेहना के जमुनही की रहने वाली बिट्टा गिर गई। परिवारजन उन्हें लेकर एक निजी अस्पताल में पहुंचे। उनके पास इलाज के लिए पैसे नहीं थे। तभी उन्हें पता चला कि उनका नाम आयुष्मान भारत में है। राशन कार्ड लाकर सर्च कराकर गोल्डन कार्ड बनवाया गया। जिसके बाद उनका ऑपरेशन एक निजी अस्पताल में हुआ। जिसमें उनका कूल्हा बदला गया। इसमें 70 हजार रुपये खर्च हुए। इनकी ही तरह कई जरूरतमंदों को आयुष्मान से इलाज की सुविधा मिली है। जिले में आयुष्मान भारत से अब तक 3,754 को लाभान्वित किया जा चुका है।
शिविर में बताएंगे इलाज की खूबियां
आयुष्मान भारत दिवस पर मरीजों को भी बुलाया जाएगा, जिसमें इलाज की सुविधा के बारे में जानकारी दी जाएगी। शिविर के माध्यम से उन लोगों को कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिन्होंने अभी तक कार्ड नहीं बनवाया है।
जिम्मेदार के बोल
सीएमओ डॉ. मधु गैरोला ने कहा कि आयुष्मान भारत के लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया जा रहा है। इसके लिए चयनित अस्पतालों में अलग से वार्ड बना है। आयुष्मान मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर देखने को कहा गया है।
आंकड़ों में स्थिति
- आयुष्मान भारत में कुल चयनित परिवार- 2,00,559
- मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान में चयनित परिवार- 5,176
- जारी किए गए गोल्डन कार्ड- 50,110
- चयनित अस्पताल- 19