गोंडा में छात्राओं को नकाब पहनाकर डांस कराने वाले स्कूल पर कार्रवाई, बीईओ ने किया सील
गोंडा के बभनजोत स्थित नालेज बीम एकेडमी को बिना मान्यता संचालित होने और स्वतंत्रता दिवस पर हिंदू छात्राओं को नकाब पहनाकर नृत्य कराने के मामले में सील कर दिया गया।
HighLights
नालेज बीम एकेडमी को बेसिक शिक्षा विभाग ने सील किया।
बिना मान्यता संचालित हो रहा था विद्यालय, जांच में पुष्टि।
हिंदू छात्राओं को नकाब पहनाकर नृत्य कराने का मामला सामने आया।
संवाद सूत्र, बभनजोत (गोंडा)। बभनजोत के औसानी बुजुर्ग स्थित नालेज बीम एकेडमी में हिंदू छात्राओं को नकाब पहनाकर नृत्य कराने के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। स्वतंत्रता दिवस पर हुए कार्यक्रम का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पूरे प्रकरण की हुई जांच में विद्यालय बिना मान्यता के संचालित मिला।
इसके बाद सोमवार दोपहर करीब दो बजे विद्यालय को सील कर दिया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह के निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) रियाज अहमद विद्यालय की जांच की।
जांच में विद्यालय के संचालन के लिए मान्यता नहीं मिली। बीईओ ने कहा कि विभाग की ओर से विद्यालय प्रबंधन को करीब एक सप्ताह पहले ही स्कूल बंद करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद विद्यालय का संचालन जारी था।
बिना मान्यता विद्यालय संचालित किए जाने की पुष्टि होने पर बीईओ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रबंधक कार्यालय, प्रधानाचार्य कार्यालय और विद्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगाकर परिसर को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद विद्यालय में शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद करा दिया गया।
बीईओ रियाज अहमद ने कहा कि विद्यालय के निरीक्षण और सील किए जाने की पूरी रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेज दी गई है। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में छात्राओं को नकाब पहनाकर नृत्य कराने के मामले के बाद शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में खलबली मची है।
बीएसए ने कहा कि बिना मान्यता संचालित इस विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों का नामांकन निकट के परिषदीय और मान्यता प्राप्त सरकारी विद्यालयों में कराने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- घूमने के लिए नहीं था दोपहिया वाहन, इसलिए लूट ली बाइक; मुठभेड़ के बाद दो गिरफ्तार
