विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोंडा में छात्राओं को नकाब पहनाकर डांस कराने वाले स्कूल मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज, विद्यालय हो चुका है सील

Published: Sun, 23 Aug 2026 04:13 AM (IST)

गोंडा के एक बिना मान्यता वाले स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पर छात्राओं के भोजपुरी गाने पर नृत्य करने का मामला सामने आया। स्कूल को सील कर दिया गया है।

छात्राओं के नकाब पहनाकर नृत्य कराने वाले स्कूल प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा।

छात्राओं के नकाब पहनाकर नृत्य कराने वाले स्कूल प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा।

HighLights

  1. गोंडा में बिना मान्यता वाले स्कूल में छात्राओं का नृत्य।

  2. स्वतंत्रता दिवस पर भोजपुरी गाने पर डांस का वीडियो वायरल।

  3. स्कूल सील, प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

जागरण संवाददाता, गोंडा। 15 अगस्त को जब देशभर में आजादी का जश्न मनाया जा रहा था, ताे बभनजोत के औसानी बुजुर्ग स्थित नालेज बीम एकेडमी स्कूल की छात्राएं भोजपुरी गाने पर नृत्य कर रहीं थी। शाम को वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होते ही लोगों की प्रतिक्रिया आनी शुरू हो गई।

कई लोगों का मानना है कि छात्राओं को यह समझ नहीं थी कि जिन बलिदानियों ने देश के लिए शहादत दी, उनकी याद में ऐसे गाने पर नृत्य नहीं करना चाहिए था। हमें अपने इतिहास और संस्कृति का कितना सम्मान करना चाहिए। इसकी समझ स्कूल प्रबंधन समिति को आई और न ही छात्राओं को।

हालांकि इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित होते ही शासन के अधिकारी हरकत में आ गए। उन्होंने बीएसए को जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया। इसके बाद बीएसए ने मामले की जांच कराई।

खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) रियाज अहमद की जांच में विद्यालय बिना मान्यता के संचालित मिला। सवाल है कि पहले ऐसे स्कूलों के बारे में विभाग को जानकारी क्यों नहीं हो पाती है? बीईओ ने कहा कि विभाग की ओर से विद्यालय प्रबंधन को करीब एक सप्ताह पहले ही स्कूल बंद करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद विद्यालय का संचालन जारी था।

बिना मान्यता विद्यालय संचालित किए जाने की पुष्टि होने पर बीईओ ने कार्रवाई करते हुए प्रबंधक कार्यालय, प्रधानाचार्य कार्यालय और विद्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगाकर परिसर को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद विद्यालय में शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद करा दिया गया।

बीईओ ने कहा कि विद्यालय के निरीक्षण और सील किए जाने की पूरी रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजी गई थी। बिना मान्यता संचालित इस विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों का नामांकन निकट के परिषदीय और मान्यता प्राप्त सरकारी विद्यालयों में कराने के निर्देश दिए गए थे।

बीईओ ने शनिवार को बताया कि शासकीय नियमों के विपरीत गैर मान्यता प्राप्त अमान्य विद्यालय संचालित करते हुए स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर धार्मिक भावनाओं को प्रभावित किए जाने के दृष्टिकोण से सार्वजनिक मंच असौहार्दपूर्ण कार्यक्रम संचालित कराने पर स्कूल के प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि बिना मान्यता के संचालित स्कूल को पहले ही सील किया जा चुका है। प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

यह भी पढ़ें- यूपी में हर महीने के तीसरे मंगलवार को होगी शिक्षक संकुल की बैठक, प्रत्येक टीचर को मिलेंगे 250 रुपये