विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोंडा में पुलिस मुठभेड़, पशु चोर गिरोह का सदस्य गोली लगने से घायल, पांच गिरफ्तार

Published: Mon, 23 Mar 2026 11:09 AM (IST)

गोंडा में रविवार देर रात पुलिस और एसओजी की पशु चोर गिरोह से मुठभेड़ हो गई। केशवपुर पहाड़वा रेलवे क्रासिंग ...और पढ़ें

HighLights

  1. पुलिस मुठभेड़ में पशु चोर के पैर में लगी गोली।

  2. गोंडा में पांच आरोपित गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद।

  3. केशवपुर पहाड़वा रेलवे क्रासिंग के पास हुई घटना।

जागरण संवाददाता, गोंडा। नगर पुलिस व एसओजी की रविवार देररात पशु चोर गिरोह के साथ मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से गिरोह का एक सदस्य घायल हो गया। पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। घायल को मेडिकल कॉलेज से संबद्ध बाबू ईश्वर शरण चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि जिले में लगातार पशु चोरी की घटनाएं प्रकाश में आ रही थीं। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया था। 22 मार्च की रात में एसओजी व नगर पुलिस भ्रमणशील थी। पशु चोर के केशवपुर पहाड़वा रेलवे क्रासिंग की तरफ आने की सूचना मिली थी।

पुलिस टीम ने केशवपुर पहाड़वा रेलवे क्रासिंग के पास चोरों को पकड़ने का प्रयास किया। पशु चोरों ने स्वयं को घिरता हुआ पाकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस टीम की जवाबी फायरिंग में फैजाबाद रोड इमामबाड़ा निवासी आरोपित समीर उर्फ लल्लन के पैर में गोली लगी जिसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज से संबद्ध चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

इमामबाड़ा के ही तुशाल उर्फ तुफैल, नायब, बहराइच के थाना फखरपुर के छपरा तल्ला इंदुर निवासी भूपेंद्र यादव उर्फ भूपत, मैनुद्दीन को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपितों के पास से तमंचा, कारतूस, चार पहिया वाहन, चोरी की एक भैंस, एक पाड़वा व 17 हजार रुपये नकद बरामद किया गया। आरोपितों के विरुद्ध जिले के अलग-अलग थाने में छह मुकदमा दर्ज हैं।