विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोंडा में पुलिस मुठभेड़ में गोतस्कर के पैर में लगी गोली, दो साथी गिरफ्तार

Published: Wed, 23 Sep 2026 10:47 AM (IST)

गोंडा में एक बछिया के गायब होने के मामले की जांच कर रही पुलिस और एसओजी टीम की बनगांव-कटराबाजार मार्ग पर संदिग्धों से मुठभेड़ हो गई।

HighLights

  1. पुलिस की गोतस्करों से मुठभेड़ में एक के पैर में गोली लगी।

  2. बछिया गायब होने के मामले में संदिग्धों की तलाश कर रही थी पुलिस।

  3. पुलिस ने दो अन्य साथियों को भी घेराबंदी कर मौके से पकड़ा।

जागरण संवाददाता, गोंडा। गाय की बछिया गायब होने के मामले में तलाश कर रही कटराबाजार पुलिस और एसओजी-सर्विलांस टीम की मंगलवार रात बनगांव-कटराबाजार मार्ग पर तीन संदिग्धों से मुठभेड़ हो गई। आरोपितों ने घिरने पर पुलिस के ऊपर फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में ग्राम मंगुरही निवासी कबीउल्लाह के दाहिने पैर में गोली लगी है। उसके दो साथियों कौड़हा जगदीशपुर तेलिनपुरवा निवासी सुहेल व मंगुरही निवासी शमी को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। घायल कबीउल्लाह को मेडिकल कालेज से संबद्ध बाबू ईश्वर शरण चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि टेपरा मंगुरही निवासी श्रवण कुमार शुक्ल ने दी गई तहरीर में कहा कि उन्होंने मंगलवार को गाय और बछिया को खेत में खूंटे से बांधा था। शाम को लौटने पर बछिया गायब मिली। उन्होंने कुछ लोगों पर बछिया को काटकर उसका मांस बेचने का संदेह जताया था।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की। मंगलवार रात बनगांव से कटराबाजार आने वाली सड़क पर पुलिस और एसओजी-सर्विलांस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान एक बाइक पर तीन लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपित मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कबीउल्लाह के पैर में गोली लगी, जबकि सुहेल और शमी को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, बाइक व धारदार चाकू बरामद किया है। कबीउल्लाह के विरुद्ध पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं, जिसमें आर्म्स एक्ट और मारपीट के मामले शामिल हैं।

पुलिस ने तीनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में एसओजी प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह, थानाध्यक्ष अजय कुमार तिवारी, सर्विलांस प्रभारी मनीष कुमार शामिल रहे।

यह भी पढ़ें- मेरठ के ट्रांसफार्मर चोर गिरोह का पर्दाफाश, बागपत पुलिस से मुठभेड़ में सरगना घायल, तीन गिरफ्तार