विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेहरू स्टेडियम में 5.39 करोड़ से बनकर तैयार हुआ हॉस्टल, स्टेट लेवल कॉम्पिटीशन के लिए तैयार होंगे खिलाड़ी

Published: Sun, 01 Mar 2026 04:45 PM (IST)

गोंडा के देवीपाटन मंडल मुख्यालय पर 5.39 करोड़ रुपये की लागत से 60 खिलाड़ियों के लिए एक नया छात्रावास बनकर तैयार है। यह जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में स्थित है।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सूत्र, गोंडा। देवीपाटन मंडल मुख्यालय पर 60 खिलाड़ियों के लिए हास्टल बनकर तैयार हो गया है। पांच करोड़ 39 लाख रुपये से निर्मित हास्टल में 30 महिला व 30 पुरुष खिलाड़ियों को आवासीय सुविधा के साथ ही खेल का प्रशिक्षण मिलेगा।

खेल विभाग ने नए सत्र से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ ही आवास सुविधा देने के लिए प्रस्ताव निदेशालय को भेजने की तैयारी की है। हास्टल की सुविधा न होने से खिलाड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

खिलाड़ियों के लिए नहीं थी हॉस्टल की व्यवस्था

मंडल मुख्यालय स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम की स्थापना 1989 में युवा खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए हुई थी। यहां खिलाड़ियों के लिए हास्टल की व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में यहां सुबह-शाम खिलाड़ी अभ्यास के लिए घर से आते-जाते थे। वित्तीय वर्ष 2023-24 में हास्टल निर्माण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। 60 खिलाड़ियों को हास्टल की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 5.39 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई थी।

कार्यदायी संस्था ने करीब ढाई वर्ष में परियोजना का निर्माण पूरा करके विभाग को हैंडओवर कर दिया है। अब निदेशालय स्तर से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारी व प्रशिक्षण के लिए हास्टल का आवंटन खिलाड़ियों को किया जाना है। उप क्रीड़ा अधिकारी अशोक सोनकर का कहना है कि हास्टल का निर्माण पूरा हो गया है। खिलाड़ियों को हास्टल आवंटन के लिए प्रस्ताव निदेशालय को भेजने की तैयारी की जा रही है। नए सत्र में हास्टल आवंटन की उम्मीद है।

कबड्डी के लिए मिल सकती है जिम्मेदारी

स्टेडियम में खेल मैदान क्रिकेट प्रतियोगिता या हाकी के लिए उपयुक्त नहीं है, इसका क्षेत्रफल कम है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि गोंडा जिले को कबड्डी की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के तैयारी की जिम्मेदारी मिल सकती है। यहां कबड्डी के खिलाड़ी व कोच भी उपलब्ध हैं।