गोंडा में सड़क पर बैठे सांड से टकराई बाइक, हादसे में युवक की मौत; चचेरा भाई घायल
गोंडा में सड़क पर बैठे सांड़ से बाइक टकराने के बाद हुए हादसे में युवक इरशाद की मौत हो गई, ...और पढ़ें
-1788345654751_m.webp)
HighLights
बेलसर-गोंडा मार्ग पर सांड़ से टकराई बाइक।
हादसे में युवक इरशाद की मौके पर मौत।
दोनों बाइक सवारों ने नहीं पहना था हेलमेट।
संवादसूत्र, बेलसर (गोंडा)। इटियाथोक स्थित बहन की ससुराल से चचेरे भाई के साथ बाइक से घर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। सड़क पर बैठे सांड़ से बाइक टकराने के बाद अनियंत्रित होकर गिरने से युवक के सिर में गंभीर चोट लगी। हादसे में उसके चचेरे भाई को भी चोटें आईं। उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। दोनों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
नगर पंचायत बेलसर के रगड़गंज बाजार निवासी इरशाद मंगलवार रात अपने चचेरे भाई बादशाह के साथ मंगलवार रात को बाइक से इटियाथोक स्थित बहन की ससुराल से घर लौट रहे थे।
रात करीब 10 बजे बेलसर-गोंडा मुख्य मार्ग पर धनईपट्टी के पास सड़क पर बैठे सांड़ से उनकी बाइक टकरा गई। इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। बाइक चला रहे इरशाद के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लगने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पीछे बैठे बादशाह को भी चोटें आईं।
सूचना पर पहुंची कोतवाली देहात पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर स्वजन की सुपुर्दगी में दे दिया। घायल बादशाह का चिकित्सकों ने उपचार किया, जिसके बाद उसे घर भेज दिया गया। हादसे के समय दोनों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
पिता के साथ सब्जी की दुकान में हाथ बंटाता था इरशाद
इरशाद दो भाइयों में बड़े थे। उनके पिता अली अहमद उर्फ माधव रगड़गंज बाजार में सब्जी की दुकान लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इरशाद भी पिता के साथ दुकान पर हाथ बंटाते थे। छोटा भाई शमशाद मां के साथ घर पर रहता है। इरशाद की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर हाल बेहाल है।
