24 घंटे में वापस कराए धोखाधड़ी कर निकाले गए 92 हजार रुपये
आइजी डा. राकेश सिंह निर्देशन में साइबर अपराध के रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
संसू, गोंडा: साइबर थाना देवीपाटन परिक्षेत्र ने अज्ञात काल के माध्यम से धोखाधड़ी कर निकाले गए 92577 रुपये महज 24 घंटे में वापस कराया हैं। आइजी डा. राकेश सिंह निर्देशन में साइबर अपराध के रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच शिकायत मिली कि इमिलिया गुरुदयाल नगर कोतवाली निवासी मिठाई लाल को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया। उनसे कुछ जानकारी मांगी। इसी बीच धोखाधड़ी कर उनके बैंक खाते से 148583 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने साइबर अपराध थाना में शिकायत की।
आइजी डा. राकेश सिंह ने बताया कि पीड़ित को 24 घंटे के भीतर 92577 रुपये वापस करा दिए हैं। शिकायतकर्ता ने पैसे वापस आने के बाद साइबर थाना के कर्मियों की प्रशंसा की और धन्यवाद दिया।
पेट्रोल छिड़क कर छप्पर में लगा दी आग
गोंडा: शुक्रवार की रात गांव के ही युवक ने पड़ोस की रहने वाली महिला के छप्पर में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। पीड़िता ने थाने में नामजद तहरीर दी है।
ग्राम पंचायत कुरसहा के रायपुर ब्रह्मचारी पंडित पुरवा निवासिनी सुंदरपती पत्नी बलराज का आरोप है कि उनके मड़हे में गांव के ही रहने वाले एक युवक ने देर रात पेट्रोल छिड़ककर उनके छप्पर में आग लगा दी। भागते समय आरोपित का पैर उसकी चारपाई में फंस गया। इससे वह गिर गया। पीड़िता ने भाग रहे युवक को वहीं धर दबोचा और शोर मचा दिया।
डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर थाने ले गई। पीड़िता ने बताया कि करीब पांच क्विटल गेहूं, बच्चों की किताब व कपड़ा जलकर राख हो गया है। फायर ब्रिगेड के पहुंचने पर आग पर काबू पाया गया।