नगर निकाय चुनाव में जीत के लिए अभी से करें तैयारी
भाजपा कार्यालय पर आयोजित हुई कार्यसमिति की बैठक बूथ की मजबूती पर दिया जोर
गोंडा : भारतीय जनता पार्टी ने नगर निकाय चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। इस बार पार्टी ने सभी नगर पंचायतों में जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी मंडल अध्यक्षों को अभी से ही सक्रिय रूप से सजग होकर तैयारी में जुटने को कहा गया है। इसके अतिरिक्त नये कार्यकर्ताओं को बनाने पर भी जोर देने की रणनीति बनाई गई है।
बहराइच रोड स्थित भाजपा के जिला कार्यालय पर आयोजित जिला कार्यसमिति की बैठक में अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष शेष नारायण मिश्र ने कहा कि पूरे अवध क्षेत्र में संगठनात्मक रूप से अग्रणी जिला गोंडा है। जनसंघ काल से लेकर आज तक हम अपनी विचारधारा से कभी भी अलग नहीं हुए। भले ही समय लगा हो लेकिन, हमने अपने संकल्पों को पूरा किया है। उप्र के चुनाव प्रबंधन के सह संयोजक पीयूष मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चलाई जा रही विकास योजनाओं का प्रतिफल है कि जनता वर्ष 2014 से भाजपा पर विश्वास जता रही है। कहा कि संगठन की निचली इकाई को और अधिक मजबूत करना होगा। कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को बूथ स्तर तक लोगों के बीच लेकर जाएं। जिला प्रभारी एवं सदस्य विधान परिषद इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि जनपद के सभी बूथों पर पौधारोपण अभियान चलाया जाना है। पूर्व में लगाए गए पौधों की सूचना भी प्राप्त करनी है। पार्टी पदाधिकारी जिस बूथ पर निवास करते हैं। उसका पूरा डेटाबेस तैयार करना है। लाभार्थी की सूची तैयार करनी है। कार्यसमिति की बैठक में जिला महामंत्री राकेश तिवारी ने राजनीतिक प्रस्ताव पढ़ कर सुनाया। पूर्व जिलाध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी व उपाध्यक्ष अंजू सिंह खरवार ने समर्थन किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप व संचालन जिला महामंत्री आशीष त्रिपाठी ने किया। विधायक रमापति शास्त्री, विनय कुमार द्विवेदी, अजय कुमार सिंह, रमाकांत तिवारी, अकबाल बहादुर तिवारी, विष्णु प्रताप नारायण सिंह, जसवंत लाल सोनकर, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्र, भवानी भीख शुक्ल, ओपी मिश्रा, केके श्रीवास्तव, रामपाल शुक्ला, राजेश रायचंदानी, दीपक अग्रवाल ,नीरज मौर्य, अमरेश तिवारी, अनुपम प्रकाश मिश्र मौजूद थे।