विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोंडा में अर्नब चक्रवात का असर: बुधवार से बदलेगा मौसम, प्रशासन ने जारी की सतर्कता एडवायजरी

Published: Tue, 27 Oct 2026 08:41 PM (IST)

पश्चिम बंगाल से उठे अर्नब चक्रवात का असर गोंडा जिले में बुधवार से दिखेगा, जिसमें 29 और 30 अक्टूबर को बारिश और आंधी की संभावना है।

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, गोंडा। पश्चिम बंगाल से उठे अर्नब चक्रवात का असर बुधवार से जिले में भी दिखने के आसार हैं। 29 व 30 अक्टूबर को बारिश के साथ ही आंधी चलने की संभावना है। डीएम प्रियंका निरंजन ने कहा कि जिला प्रशासन आने वाले चक्रवाती तूफान को लेकर अलर्ट मोड पर है। घबराएं नहीं, सतर्क रहें और सुरक्षित रहें तथा किसी भी आपदा में जिला प्रशासन की मदद प्राप्त करें।

खराब मौसम में नागरिक क्या करें

घर के अंदर सुरक्षित स्थान पर रहें, पक्के मकान में रहें। जर्जर कच्चे मकान व दीवारों से दूर रहें व खिड़की, दरवाजे बंद कर लें। बिजली के उपकरण बंद रखें, बिजली जाने पर मेन स्विच आफ कर दें। आवश्यक सामान टार्च, मोबाइल, पावर बैंक, जरूरी दवाएं, पीने का पानी एवं सूखा राशन साथ रखें। मौसम की जानकारी लेते रहें। पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधें।

किसान क्या करें

यदि धान एवं अन्य फसलें कट चुकी है तो धान इत्यादि की मड़ाई करके अन्न का सुरक्षित भंडारण कर लें। यदि धान की फसल अभी नही कटी है और 80 प्रतिशत से अधिक पक चुकी है तो उसे काट कर सुरक्षित स्थान पर रख लें। यदि धान की फसल की अभी कटाई किया जाना संभव न हो तो खेत में जल निकासी की व्यवस्था कर लें, जिससे खेत मे जल जमाव न हों।

गन्ने में कई पौधों को एक साथ पत्तियों से बांधकर समूह बना लें, जिससे तेज हवा में पौधे न गिरें। सब्जियों के खेतों मेंं जल निकासी की व्यवस्था कर लें। सरसों,राई,तोरिया की बोआई अभी तीन दिन न करें। केला, पपीता (जिसमे फल लगे हों) के पौधों मे सिचाई स्थगित रखें तथा मजबूत सहारा दें।

क्या करें वाहन चालक

वाहन की गति धीमी रखें और हेडलाइट जलाकर चलें। खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें। सड़क पर गिरे पेड़ या तार दिखने पर तुरंत 1070 या 112 पर सूचना दें।