कागज में जागरूकता की बहार, सड़क पर नियम दरकिनार
- परिवहन विभाग मना रहा है राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह
- परिवहन विभाग मना रहा है राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह
- जागरूकता के दावे के बीच मनमानी फर्राटा भर रहे चालक
अजय पांडेय, गोंडा : सड़क दुर्घटना पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सरकार कार्यक्रम चला रही है। परिवहन विभाग राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मना रहा है। लोगों को जागरूक करने की बात हो रही है। उन्हें नियमों के पालन की सीख दी जा रही है लेकिन, यहां यह सब अभियान कागजों में सिमट कर रह गया है। सड़क पर परिवहन विभाग के दावे की धज्जियां उड़ रही हैं। हेलमेट व सीट बेल्ट पहने बगैर चालक बेधड़क फर्राटा भर रहे हैं। मनमानी करने वालों पर शिकंजा नहीं कसा जा रहा है। ऐसे में दुर्घटना रोकने का दावा बेमानी है।
-----
दृश्य एक : समय दोपहर 12.40 बजे। नगर के आंबेडकर चौराहा पर एक व्यक्ति जुगाड़ वाहन पर सरिया लादकर ले जा रहा था। मोटरसाइकिल में ठेला लगा था। सरिया बाहर निकली हुई थी। इससे दुर्घटना हो सकती है। इस पर रोक नहीं लग पा रही है।
--
दृश्य दो : समय दोपहर एक बजे। शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज के सामने एक बाइक पर तीन लोग सवार थे। इसमें दो पुरुष व एक महिला थे। खास बात यह है कि किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था। यह सब मंडल मुख्यालय के नगर में दिखता है। यहां नियमों को लेकर है बेफिक्री
- परिवहन विभाग कुछ भी दावा करे लेकिन, यहां यातायात नियमों के पालन को लेकर बेफिक्री है। लोग मनमानी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे में विभाग के जागरूकता कार्यक्रम व कार्रवाई के दावे पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बोले जिम्मेदार
- देवीपाटन मंडल के संभागीय परिवहन अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के हिसाब से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। चेकिग अभियान चलाकर मनमानी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।