शौचालय के लिए गड्ढा खोद रही महिला को जिंदा दफन करने का प्रयास
गोंडा जिले में एक महिला को शौचालय के गड्ढे में दबाकर मार डालने की कोशिश की गई। इस अजीब घटना को लेकर क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं हैं।
गोंडा (जेएनएन)। प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान पर भी यहां दबंगों की दृष्टि है। ऐसा ही एक मामला जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में हुआ। शौचालय बनवाने के लिए गड्ढा खोद रही महिला को दबंगों ने उसी में जिंदा दफन करने का प्रयास किया। ग्रामीणों व पुलिस की मदद से उसको बचा लिया गया। प्रकरण में चार आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश कर रही है। घटना उक्त थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चौखट के मजरे बढ़ई पुरवा में गुरुवार को हुई।
गड्ढे में ढकेल ऊपर से मिट्टी भरी
स्वच्छ भारत मिशन के तहत मिले शौचालय के लिए जयकला पत्नी रामसमुझ गड्ढा खोद रही थी। इस बीच बगल के गांव मिश्रन पुरवा निवासी गंगा मिश्र व विजय प्रकाश अपने पुत्र क्रमश: आशीष व राहुल के साथ पहुंच गए। इन लोगों ने संबंधित भूमि को अपनी आबादी की भूमि बता गड्ढा खोदने से मना किया। इसको लेकर हुई कहासुनी के दौरान महिला को मारपीट कर उसी गड्ढे में ढकेलकर ऊपर से मिट्टी भर दिया। पीडि़ता के शोर पर परिवार व गांववाले दौड़े तो दबंग भाग निकले। सूचना पर यूपी 100 पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गयी। पुलिस के पहुंचने पर महिला मिट्टी के बीच दबी रो रही थी। ग्रामीणों की मदद से उसको बाहर निकालकर पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। एसओ राजेंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर पर उक्त आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।