रास्ता पर जलजमाव में धान की रोपाई कर जताया विरोध
जागरण संवाददाता बारा (गाजीपुर) जल निकासी की व्यवस्था न होने से नाराज बारा गांव के ग्रामीण
जागरण संवाददाता, बारा (गाजीपुर) : जल निकासी की व्यवस्था न होने से नाराज बारा गांव के ग्रामीणों ने गुरुवार को रास्ता पर जलजमाव में धान की रोपाई कर विरोध जताया।
जिला परिषद सड़क से टीबी मार्ग को जोड़ने वाले मार्ग पर अब तक खड़ंजा ही बिछा हुआ है। इसे चौधरी मार्ग के नाम से जाना जाता है। वर्ष 2008 में इस मार्ग पर खड़ंजा निर्माण हुआ था। अब खड़ंजा टूटने से जल जमाव हो गया है। इससे रास्ता बंद हो गया है। ग्रामीणों को आने जाने में दूसरे रास्तों से जाना पड़ता है। इसके लिए प्रधान, बीडीओ, जिलाधिकारी तक से गुहार लगाई गई। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। गुरुवार को उनका धैर्य जवाब दे गया। पहले कुछ लोग विरोध में जलजमाव वाले स्थानों पर धान की रोपाई करने लगे बाद में काफी लोग उनके साथ आ गए। रोपाई करते हुए उन्होंने व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी भी की। ग्रामीणों ने जल्द ही समस्या के समाधान की मांग की।