गाजीपुर प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी युवती पांच दिन में दूसरी बार टावर पर चढ़ी
गाजीपुर में एक युवती अपने प्रेमी से शादी की मांग को लेकर पांच दिनों में दूसरी बार टावर पर चढ़ ...और पढ़ें

गाजीपुर में प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी युवती, दूसरी बार टावर पर चढ़कर किया प्रदर्शन।
HighLights
युवती प्रेमी से शादी की मांग को लेकर टावर पर चढ़ी।
पांच दिनों में यह दूसरी बार है जब वह टावर पर चढ़ी।
पुलिस और ग्रामीण युवती को नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता,मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। हरिवल्लमपुर गांव की युवती प्रेमी से शादी की मांग को लेकर शुक्रवार को गाजीपुर-बलिया नेशनल हाईवे -31 स्थित टावर पर चढ़ गई। युवती इसके पूर्व बीते सोमवार को भी टावर पर चढ़ गई थी। युवती के दोबारा टावर पर चढ़ने की जानकारी होते पुलिस ने उसके मोबाइल फोन पर काल कर उसे उतरने की कोशिश शुरू की, लेकिन वह राजी नहीं हुई।शाम तक वह टावर से नहीं उतरी थी।
हरिवल्लमपुर गांव की आरती चौधरी का चकटरफिया गांव के मनजीत चौधरी से प्रेम संबंध है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब तीन चार साल से रिश्ता चल रहा है। युवती मनजीत से शादी करना चाहती है। आरोप है कि मनजीत शादी की बात कह युवती को पिछले वर्ष अपने साथ बेंगलुरू ले गया था। बाद में अपने परिवार के दबाव में आकर शादी से इनकार कर दिया था।
इस मामले में युवती की तहरीर पर पुलिस ने करीब छह माह पूर्व युवक मनजीत के खिलाफ मामला पंजीकृत कर जेल भेज दिया था। करीब दो माह पूर्व वह जमानत पर बाहर आया था। प्रेमिका का आरोप है कि जेल में रहने के दौरान मनजीत के शादी की बात कहने पर उसके बयान के बाद वह बाहर आया, लेकिन अब शादी से इनकार कर रहा है। उससे शादी कराई जाय।
इसको लेकर आरती बीते सोमवार को भी टावर पर चढ़ गई थी। तब ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जयप्रकाश यादव व प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने समझा बुझाकर उसे नीचे उतारा था। उस दौरान युवक मनजीत से भी बातचीत हुई लेकिन बात नहीं बनी।
शुक्रवार की भोर में युवती टावर पर दोबारा चढ़ गई। युवती अपने इंस्ट्राग्राम पर लाइव होकर बताया कि उसे शादी कराने की बात कह टावर से उतारा गया,लेकिन शादी कराने के बजाय तरह-तरह की बातें की जाने लगी। अब वह टावर पर तब तक रहेगी,जब तक उसकी शादी न हो जाय।
दोबारा टावर पर चढ़ने की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह पहुंचे और युवती को टावर से उतरने के प्रयास किए, लेकिन वह नहीं मानी। मौके पर पुलिस टीम लगी है। प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि युवती की समस्या के समाधान को लेकर पूरी तरह प्रयासरत है। युवक व युवती के बीच मामला न्यायालय में भी लंबित है। बावजूद समस्या के समाधान में लगे हैं।
पानी की बोतल लेकर चढ़ी
युवती नीचे न उतरने की जिद पर टावर पर चढ़ी है। वह बकाया पानी की बोतल व अन्य सामान भी लेकर चढ़ी है, ताकि वह प्यास बुझा सके। स्वजन भी उसकी इस हरकत से परेशान हैं।
