इस बार आजमगढ़ और अमेठी में भी खिलेगा कमल : केशव प्रसाद मौर्य
गाजीपुर नंदगंज के पहलवानपुर में आयोजित पिछड़ा वर्ग विजय संकल्प सम्मेलन में मुख्य अतिथि डिप्टी सीएम का पूरा संबोधन राष्ट्रवाद पर ही केंद्रित रहा।
जासं, गाजीपुर : नंदगंज के पहलवानपुर में गुरुवार को भाजपा के पिछड़ा वर्ग विजय संकल्प सम्मेलन में मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का संबोधन राष्ट्रवाद के साथ ही पिछड़े समाज को भाजपा से पूरी तरह जोड़ने पर केंद्रित रहा। मोदी के विकास कार्य, सेना के पराक्रम के बखान के अलावा विरोधी उनके निशाने पर रहे। हुंकार भरी कि इस बार प्रदेश के आजमगढ़ और अमेठी में भी कमल खिलेगा। 2014 में मोदी लहर थी और 2019 में मोदी सुनामी है। गाजीपुर में मनोज सिन्हा के कराए गए विकास कार्यों की भी तारीफ की।
उन्होंने पिछड़ा वर्ग को खूब साधने की कोशिश की। कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जिसमें पिछड़ा वर्ग का ही प्रधानमंत्री और सबसे बड़ राज्य का उपमुख्यमंत्री भी है। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं को एक-एक कर गिनाते हुए जमकर सराहना की। करीब तीन बजे ढाई घंटे देर से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे डिप्टी सीएम ने अपने भाषण की शुरुआत भारत माता की जय और जय श्रीराम के जयघोष से किया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 55 महीने में जितना काम किया है, उतना कांग्रेस ने 55 साल में भी नहीं किया है। सपा-बसपा का गठबंधन चुनाव जीतने के लिए नहीं बल्कि मोदी को हराने के लिए हुआ है। यह जातिवाद, परिवारवाद, क्षेत्रीयवाद और भाषावाद की बात कर रहे हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार जो काम किया है और जो कर रही है वह सब आपने देखा है। पार्टी को जिताने के लिए सबका आह्वान किया। कहा कि 2014 में भाजपा कार्यकर्ता चुनाव लड़ रहा था, जबकि इस बार आम जनता चुनाव लड़ रही है। पिछड़ा वर्ग की असली हितैषी भाजपा ही है। पांच वर्षों में जितना इनके लिए काम हुआ है, उतना आज तक किसी ने नहीं किया है। पिछड़ा वर्ग भी मोदी के अडिग है। 2017 में सपा-कांग्रेस का गठबंधन था। उस समय भी पिछड़ा वर्ग ने उन्हें धूल चटा दिया था। 325 विधायक जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। इस बार भी वही होने वाला है। बुआ-भतीजा का कोई लक्ष्य नहीं है। वह भी मोदी हटाओ प्रतियोगिता का हिस्सा बने हुए हैं। कहा कि अखिलेश और माया की जाति के लोगों का भी यही कहना है कि पहले राष्ट्रवाद फिर जातिवाद। अखिलेश पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो अपने पिता और चाचा का नहीं हुआ वह माया का क्या होगा? अंत में उन्होंने कहा कि 23 मई मतलब सपा-बसपा-कांग्रेस गई।
---
56 इंच वाला पीएम चाहिए या आंख मारने वाला
- डिप्टी सीएम केशव मौर्या ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी जमकर निशाना साधा। कहा कि सपा अगर एक भी सीट जीती तो कांग्रेस का वैशाखी बनने का काम करेगी। राहुल और नरेंद्र मोदी में तुलना करते हुए कहा कि एक पीएम हैं जो 56 इंच का सीना लेकर दुश्मनों को घुस कर मारते हैं, जबकि एक हैं तो संसद भवन में आंख मारते हैं। आपको तय करना है कि आप कैसे पीएम चाहते हैं।