विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजीपुर में तेजस राजधानी का इंजन फेल, डेढ़ घंटे बाधित रहा रेल परिचालन

By Shivanand Rai Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 28 Oct 2026 06:16 PM (IST)

गाजीपुर में तेजस राजधानी एक्सप्रेस का इंजन फेल होने से दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक रेल ...और पढ़ें

गाजीपुर में तेजस राजधानी एक्सप्रेस का इंजन फेल, डेढ़ घंटे तक थमे रहे पहिए।

गाजीपुर में तेजस राजधानी एक्सप्रेस का इंजन फेल, डेढ़ घंटे तक थमे रहे पहिए।

HighLights

  1. तेजस राजधानी एक्सप्रेस का इंजन बहोरा-धीना के बीच फेल।

  2. दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर डेढ़ घंटे परिचालन बाधित।

  3. कई ट्रेनें हुईं प्रभावित, यात्रियों को हुई परेशानी।

जागरण संवाददाता, जमानियां (गाजीपुर)। दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर मंगलवार की रात बहोरा और धीना स्टेशन के बीच तेजस राजधानी एक्सप्रेस का इंजन फेल होने से रेल परिचालन करीब डेढ़ घंटे तक बाधित रहा। इसके चलते जमानियां, दिलदारनगर और गहमर स्टेशनों पर कई ट्रेनें खड़ी रहीं, जबकि कुछ ट्रेनें देरी से पहुंचीं।

राजेंद्र नगर से नई दिल्ली जा रही 12309 तेजस राजधानी एक्सप्रेस का इंजन रात 10:28 बजे अप लाइन पर अचानक फेल हो गया। ट्रेन के मुख्य लाइन पर खड़ी होने से रेल अधिकारियों में खलबली मच गई। पायलट ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद तकनीकी खराबी दूर की और ट्रेन को 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धीना स्टेशन तक पहुंचाया।

रात करीब 12:30 बजे तेजस राजधानी एक्सप्रेस के धीना स्टेशन पहुंचने के बाद अप लूप लाइन से विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी ट्रेनों को आगे रवाना किया गया। इसके बाद पीडीडीयू जंक्शन से दूसरा इंजन मंगाकर तेजस राजधानी एक्सप्रेस को रवाना किया गया।

इंजन फेल होने से 14003 न्यू फरक्का एक्सप्रेस जमानियां, 22361 अमृत भारत एक्सप्रेस दिलदारनगर और मगध एक्सप्रेस गहमर स्टेशन पर खड़ी रही। इसके अलावा संघमित्रा एक्सप्रेस और उपासना एक्सप्रेस भी करीब एक घंटे की देरी से पहुंचीं।

यातायात निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि बहोरा और धीना स्टेशन के बीच राजधानी एक्सप्रेस का इंजन फेल होने से अप लाइन पर ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा।