गाजीपुर में पांच साल से स्वीपर का पद खाली, अस्पताल में मरीज ने खुद लगाई झाड़ू
गाजीपुर के धर्मागतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सफाई व्यवस्था बदहाल होने पर आरएसएस कार्यकर्ता केशवानंद तिवारी ने खुद झाड़ू लगाई। ...और पढ़ें

गाजीपुर के धर्मागतपुर अस्पताल में सफाई बदहाली, आरएसएस कार्यकर्ता ने संभाली कमान।
HighLights
आरएसएस कार्यकर्ता ने अस्पताल में खुद की सफाई।
धर्मागतपुर पीएचसी में पांच साल से स्वीपर पद खाली।
गंदगी देख केशवानंद तिवारी ने उठाया झाड़ू।
जागरण संवाददाता, दुल्लहपुर (गाजीपुर)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मागतपुर में सफाई व्यवस्था की बदहाली बुधवार को सामने आई। अस्पताल परिसर में कूड़ा और पत्तियां बिखरी देख इलाज कराने पहुंचे आरएसएस कार्यकर्ता केशवानंद तिवारी ने खुद झाड़ू उठाकर सफाई शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि केंद्र में पिछले पांच वर्षों से स्वीपर का पद खाली है। इसके बावजूद अब तक नियुक्ति नहीं होने से सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
केसरुआ गांव निवासी केशवानंद तिवारी बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर दवा लेने पहुंचे थे। इस दौरान मुख्य द्वार से ओपीडी कक्ष तक जाने वाले रास्ते पर कूड़ा और पत्तियां बिखरी थीं।
उन्होंने अस्पताल से झाड़ू लेकर मुख्य द्वार से ओपीडी तक रास्ते की सफाई की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में सफाई की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की है, लेकिन विभाग की उदासीनता के कारण उन्हें खुद झाड़ू लगानी पड़ रही है।
केशवानंद तिवारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा देने वाले केंद्र पर ही गंदगी रहेगी तो मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ कैसे मिलेगा। आरएसएस कार्यकर्ता होने के नाते देश सेवा करना भी उनका कर्तव्य है। उन्होंने इस समस्या को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही।
वहीं, अस्पताल में मौजूद चिकित्सा अधिकारी वंशबहादुर ने बताया कि उनसे किसी ने झाड़ू लगाने के लिए नहीं कहा था। केशवानंद तिवारी अपने स्तर से ही सफाई कर रहे थे।
