समाजवादी पुरखों ने लड़ी आजादी की लड़ाई : जै किशन साहू
जै किशन साहू ने कहा कि भाजपा सरकार का लोकतंत्र में विश्वास नहीं है।
समाजवादी पुरखों ने लड़ी आजादी की लड़ाई : जै किशन साहू
जागरण संवाददाता, गाजीपुर : समाजवादी पार्टी की नौ अगस्त से सरजू पांडेय पार्क से आरंभ हुई ‘देश बचाओ-देश बनाओ’ यात्रा पांचवें दिन शनिवार को करंडा ब्लाक स्थित सोकनी गांव से नंदगंज पहुंची। पदयात्रा को विधायक जै किशन साहू, निवर्तमान जिलाध्यक्ष रामधारी यादव व पूर्व जिलाध्यक्ष पंचायत अध्यक्ष राधेश्याम यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जै किशन साहू ने कहा कि भाजपा सरकार का लोकतंत्र में विश्वास नहीं है। वह लगातार तानाशाही के रास्ते पर चल रही है। वह अपने खिलाफ उठने वाली हर आवाज को दबाना चाहती है, लेकिन समाजवादी ऐसा नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि हमारे समाजवादी पुरखों ने ही अंग्रेजों से लोहा लेकर देश को आजाद कराने का काम किया था, लेकिन जिन आरएसएस के लोगों ने आजादी के पांच दशकों तक अपने कार्यालय में तिरंगा नहीं फहराया, वह आजादी के 75वें साल में अमृत महोत्सव का ढिंढोरा पीट रहे हैं।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी देश की आजादी, लोकतंत्र, संविधान और पंथनिरपेक्षता के लिए प्रतिबद्ध है। हम किसी भी कीमत पर देश के लोकतंत्र, संविधान और धर्मनिरपेक्षता पर आंच नहीं आने देंगे। अभिषेक यादव ने कहा कि जब से भाजपा सरकार आयी है महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। तहसील और थाने भ्रष्टाचार का अड्डा बन गए हैं। गरीब जनता की कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। भाजपा नेताओं द्वारा लगातार महिलाओं को अपमानित किया जा रहा है। इस पदयात्रा में अमित ठाकुर, विकास यादव, संदीप यादव, आजाद राय, अनिल यादव, अफजल अली, सुजीत कुमार, मटरु पहलवान, संदीप यादव सत्या आदि शामिल थे।