गाजीपुर में शराब तस्करी में संलिप्त आरपीएफ जवान निलंबित व जीआरपी का सिपाही लाइनहाजिर
गाजीपुर में शराब तस्करी से जुड़ा आरपीएफ व जीआरपी के जवानों का एक कथित ऑडियो वायरल हुआ है। इस मामले ...और पढ़ें

HighLights
शराब तस्करी में आरपीएफ-जीआरपी जवानों का कथित ऑडियो वायरल।
आरपीएफ जवान अरुण कुमार निलंबित, जीआरपी हेड आरक्षी लाइन हाजिर।
बिहार शराबबंदी के बाद ट्रेनों से तस्करी में भारी इजाफा।
जागरण संवाददाता, दिलदारनगर (गाजीपुर)। शराब तस्करी से जुड़ा आरपीएफ व जीआरपी के जवानों का एक कथित ऑडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।ऑडियो में आरपीएफ व जीआरपी के दो जवानों के बीच क्षेत्र में शराब का काम चलाने, गाड़ियों को रोकने और पैसों के लेन-देन को लेकर बातचीत हो रही है। हालांकि दैनिक जागरण इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।
यह ऑडियो डेढ़ माह पहले का बताया जा रहा है। आरपीएफ के आरक्षी अरुण कुमार को निलंबित और जीआरपी हेड आरक्षी जगनारायण को लाइन हाजिर कर दिया गया है। प्रसारित ऑडियो में आरपीएफ और जीआरपी के दोनों जवानों के बीच क्षेत्र में शराब का कारोबार चलाने, गाड़ियों को रोकने और कथित लेन-देन को लेकर बातचीत होने का दावा किया जा रहा है।
बातचीत में 10 क्वार्टर शराब के साथ पकड़ी गई एक महिला का मामला भी सामने आता है। गाड़ी की चाबी निकालने, हाथापाई से बचने और मामले को आपस में सुलझाने की बात कही जा रही है।
ऑडियो में बरसात के दौरान गाड़ियों को एक से डेढ़ मिनट से अधिक नहीं रोकने पर सहमति बनी है। इसके अलावा कथित नेटवर्क में आठ से नौ युवकों के शामिल होने और जमानियां क्षेत्र से अधिक कमीशन की मांग का भी उल्लेख है। बातचीत सामने आने के बाद दोनों विभागों के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है।
कोलकाता-दिल्ली रेल मार्ग पर ट्रेनों में खूब हो रही शराब तस्करी, पहले हो चुकी है दो जवानों की हत्या
बिहार में शराब की बंदी के बाद ट्रेनों से शराब तस्करी बढ़ गई है। तस्कर चंदौली, गाजीपुर व बलिया के सीमावर्ती शराब ठेकों से शराब खरीद कर सुफर फास्ट ट्रेनों को चैनपुलिंग कर ले जाते हैं। आरपीएफ व जीआरपी निजी लाभ के लिए शराब तस्करी को रोक नहीं पाती हैं।तस्कर पीडीडीयू जंक्शन से साप्ताहिक व सुपरफास्ट ट्रेनों से शराब चढ़ा कर बिहार ले जाते है।
जबकि 19 अगस्त 2024 की रात बाड़मेर-गुवाहाटी एक्सप्रेस से मोकामा जाने के लिए आरपीएफ पीडीडीयू के दो जवान रवाना हुए थे। 20 अगस्त की सुबह गहमर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे हत्या कर शराब तस्करों ने उनके शव को रेल पटरी किनारे फेंक दिया था।इसके बाद भी ट्रेनों के माध्यम से शराब की तस्करी थम नहीं रहा है।
