खाता नंबर गलत हुआ तो अटक जाएगा धान का भुगतान
गाजीपुर एक नवंबर से समर्थन मूल्य पर शुरू हो रही धान खरीद की तैयारी जोरों पर है। शासन ने निर्देश जारी किया है कि आनलाइन पंजीकरण कराते समय किसान सावधानी बरतें।
जासं, गाजीपुर : एक नवंबर से समर्थन मूल्य पर शुरू हो रही धान खरीद की तैयारी जोरों पर है। शासन ने निर्देश जारी किया है कि आनलाइन पंजीकरण कराते समय किसान सावधानी बरतें। अपना बैंक खाता नंबर सही भरें अन्यथा उनका भुगतान लटक जाएगा। इस बार अब तक जिले में कुल 56 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। 12 और नए केंद्र खोलने का प्रस्ताव आया है और चार का आने वाला है। ऐसे में किसानों को अपना धान बेचने में सहुलियत होगी।
पिछली बार की तरह 187400 एमटी धान खरीदने का है। सरकार ने इस बार सामान्य धान का समर्थन मूल्य 1815 रुपये प्रति क्विटल और ग्रेड ए के धान समर्थन मूल्य 1835 रुपये प्रति क्विटल रखा है। पिछली बार के सापेक्ष 65 रुपये प्रति क्विटल समर्थन बढ़ा है जिससे किसानों में असंतोष है। सरकारी क्रय केंद्रों पर अपना धान बेचने के लिए किसानों द्वारा आनलाइन पंजीकरण कराया जा रहा है। बिना पंजीकरण के किसी का धान नहीं लिया जाएगा।
बटाईदारों का भी लिया जाएगा धान
: सरकार ने इस बार बटाई पर लेकर खेती करने वाले किसानों का भी धान खरीदने का फैसला लिया है। इसके लिए पहले उन किसानों को आनलाइन पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद जिलाधिकारी के स्तर से उसका सत्यापन कराया जाएगा। फिर लेखपाल द्वारा उन्हें एक प्रारूप दिया जाएगा जिस पर बटाईदार किसान को भूमि मालिक से लिखित रूप से सहमति लेना होगा। इसके बाद उनका धान समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा।
खाता नंबर का ध्यान रखें किसान
- सरकारी क्रय केंद्र पर धान बेचने के लिए आनलाइन पंजीकरण कराते समय सावधानी बरतें। किसान अपना बैंक खाता नंबर सही भरें, अन्यथा उनका भुगतान लटक जाएगा। पिछली बार कई किसानों के साथ ऐसा हुआ था। - रतन कुमार शुक्ल, जिला खाद्य विपणन अधिकारी।