विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 15, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Nepal Plane Crash: CM योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर जताया दुख, मृतकों के शव लाने के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

By Jagran NewsEdited By: Shivam Yadav
Published: Sun, 15 Jan 2023 11:16 PM (GMT+05:30)

सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट के माध्यम से बताया कि संबंधित अधिकारी केंद्र से संपर्क कर विदेश मंत्रालय की मदद ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी।

लखनऊ, जागरण आनलाइन डेस्क: नेपाल के पोखरा में हुए विमान हादसे ने घोर तबाही मचाई, जिसमें उत्तर प्रदेश के पांच लोगों की भी मौत हुई है। हादसे ने पूरे दिन सनसनी मचाए रखी। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे पर दुख जताया है। पोखरा विमान हादसे में भारतीय नागरिकों समेत 68 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में पांच भारतीयों में से चार आपसी दोस्त थे, जो गाजीपुर के रहने वाले थे। इस सूचना पर सीएम योगी ने अधिकारियों को उनके शवों को राज्य में लाने के निर्देश दिए हैं।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट के माध्यम से बताया कि संबंधित अधिकारी केंद्र से संपर्क कर विदेश मंत्रालय की मदद लेने और नेपाल से भारतीय मृतकों का शव राज्य में पहुंचाने का निर्देश दिया गया है। वहीं मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी।

हादसे की वजह तकनीकी कारण बताई गई

गौरतलब है कि नेपाल में हादसाग्रस्त यात्री विमान में 53 नेपाली नागरिक, 5 भारतीय, 4 रूसी, एक आयरिश, 2 कोरियाई, एक अर्जेंटीना और एक फ्रांसीसी नागरिक सवार थे। जिनमें से अब तक 68 लोगों की मौत हो गई है। नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (CAAN) के सूचना अधिकारी ज्ञानेंद्र भुल ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि मौसम की वजह से नहीं बल्कि विमान तकनीकी कारणों से दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। जानकारी मिली है कि विमान में उस वक्त आग की लपटें देखी गईं जब वो हवा में था।

हादसे में मारे गए भारतीयों में चार गाजीपुर के थे। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी गांव पहुंच गए हैं। जनपद के क्षेत्र चकजैनब निवासी सोनू जायसवाल पुत्र राजेंद्र जायसवाल, अनिल राजभर पुत्र रामदरस राजभर, अलावलपुर निवासी विशाल शर्मा पुत्र संतोष शर्मा व धरवां निवासी अभिषेक कुशवाहा दस जनवरी को वाराणसी से नेपाल घूमने गए थे।

मंगलवार को होनी थी वापसी

मारे गए सभी दोस्तों की वापसी मंगलवार को थी। सोनू जायसवाल की गांव कादीपुर में बीयर व शराब का ठेका है। उसकी पत्नी संगीता व दो बेटी व एक बेटा है। अनिल राजभर व अभिषेक कुशवाहा जनसेवा केंद्र चलाते थे। विशाल शर्मा टीवीएस एजेंसी अलावलपुर में एजेंट का काम करते थे। चारों दोस्त थे। सोनू जायसवाल का परिवार वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र में रहता है।