गाजीपुर जा पहुंचा सोशल मीडिया की सनसनी बना 'महाबली' ट्रेलर, हाइवे पर लगी सेल्फी लेने वालों की भीड़
बेल्जियम से लखीमपुर खीरी के लिए एक विशाल औद्योगिक मशीन ले जा रहा 'बाहुबली' ट्रक शनिवार को गाजीपुर पहुंचा। इसे ...और पढ़ें
HighLights
बेल्जियम से लखीमपुर खीरी जा रहा विशाल 'बाहुबली' ट्रक गाजीपुर पहुंचा।
औद्योगिक मशीन ले जा रहे 300 पहियों वाले ट्रक को देखने भीड़ उमड़ी।
हाइवे पर सेल्फी लेने वालों की भीड़ से यातायात प्रबंधन में चुनौती।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। बेल्जियम से चलकर लखीमपुर खीरी तक जाने वाली विशालकाय ट्रक वाराणसी गोरखपुर हाइवे पर वाराणसी से गाजीपुर होते हुए लखीमपुर जाने वाली विशालकाय ट्रक शनिवार की सुबह जनपद में प्रवेश कर दिनभर जनपद में ही अपना सफर तय कर रहा है। शनिवार की सुबह साढ़े छह बजे गोमती नदी पुल पार करते ही विशालकाय ट्रक सिधौना बाजार पहुंचा।
जीवन में पहली बार इतनी बड़ी मशीनरी और ट्रक देखकर सैकड़ों मोबाइल धारी लोग सेल्फी फोटो लेने जुटे रहे। इसके बाद औड़िहार होते हुए सैदपुर के पास इस ट्रक को रुकते ही सैकडों लोग मोबाइल लेकर फोटो वीडियो बनाने लगे। कई लोग अपने परिवार से बच्चों को लेकर इसे दिखाने आये थे। हाइवे एथॉरिटी के कर्मचारियों को लोगों से निवेदन कर आगे का रास्ता तय करना पड़ा।
वहीं नंदगज के बाद जंगीपुर स्थित देवकठिया में हाइवे पर बने एफओबी को हटाया जा रहा है ताकि आगे का सफर पूरा हो सके। बेल्जियम से समुद्र के रास्ते भारत लाई गई लगभग दो सौ टन वजनी एक विशाल औद्योगिक वेसल या बॉयलर मशीन को ले जाने के लिए तीन सौ से अधिक पहियों वाले एक विशेष मल्टी एक्सल हाइड्रोलिक मॉड्यूलर बाहुबली ट्रक का इस्तेमाल किया जा रहा है।
इसे उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के कुंभी स्थित बलरामपुर चीनी मिल और एथेनॉल प्लांट ले जाया जा रहा है। यह मशीन बेल्जियम के एंटवर्प बंदरगाह से समुद्री मार्ग से ओडिशा के पारादीप बंदरगाह पर पहुंची थी। वजन को सड़कों पर समान रूप से बांटने के लिए इस विशेष ट्रेलर में तीन सौ से अधिक पहिए लगाए गए हैं। लगभग सौ फीट फीट लंबे वाहन के आगे आगे दर्जनभर बाइक सवार पेट्रोलिंग करते हुए चल रहे हैं।
सोशल मीडिया पर इसे देखकर लोग वाहन का लोकेशन पूछ रहे है। यातायात नियमों और हाइवे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फुटओवर ब्रिज के कुछ हिस्सों को अस्थायी रूप से हटाया जा रहा और इस वाहन के गुजरने के बाद उन्हें दोबारा तैयार किया जा रहा है। इस दौरान ट्रैफिक और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
स्थानीय पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग टीम व तकनीकी विशेषज्ञ लगातार इस काफिले के साथ चल रहे हैं। वाराणसी गोरखपुर हाइवे पर चलता हुआ यह अनोखा बाहुबली ट्रक किसी अजूबे से कम नहीं है जिसे देखने के लिए लोग सड़कों के किनारे इकट्ठा हो रहे हैं। करोडों रुपये खर्च कर इस महा ट्रक को अपनी तमाम बाधाओं को पार कराते हुए बनारस से गाजीपुर, गोरखपुर, बस्ती, बलरामपुर, बहराइच से लखीमपुर खीरी के कुंभी चीनी मिल्स तक सुरक्षित पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि बाधा आने पर रूट को बदला भी जा रहा है।
