सुई लगाते ही किशोरी ने तोड़ा दम, आरोपित फरार
जासं, नंदगंज (गाजीपुर) : थाना क्षेत्र के अगस्ता चट्टी पर अवैध रूप से संचालित निजी अस्पताल के कथित नी
जासं, नंदगंज (गाजीपुर) : थाना क्षेत्र के अगस्ता चट्टी पर अवैध रूप से संचालित निजी अस्पताल के कथित नीम-हकीम द्वारा गलत इंजेक्शन लगाने से संजना (8) की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीड़ितों ने जाम लगाने की कोशिश की हालांकि पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर ऐसा नहीं करने दिया।
संजना के दोनों पैरों में फोड़ा हुआ था। उसे लोग उपचार के लिए लेकर पहुंचे। यहां प्रमोद बिद द्वारा इंजेक्शन लगाते ही उसकी तबीयत बिगड़ गई। किशोरी के मुंह से झाग निकलने लगा। यह देख वह शहर के आलमपट्टी स्थित एक अस्पताल में लेकर आया। वहां कुछ न समझ में आने से चिकित्सकों ने उसे मऊ स्थित फातिमा अस्पताल भेजा। वहां पहुंचने से पहले उसकी मौत गई। चिकित्सकों ने इसकी पुष्टि कर दी। इसके बाद नीम-हकीम पकड़े जाने के डर से फरार हो गया। परिजन शव लेकर घर पहुंचे व घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मुकदमा दर्जकर आरोपित नीम-हकीम की तलाश शुरू कर दी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष विनीत राय ने बताया कि मुकदमा दर्जकर आरोपित की तलाश के लिए पुलिस टीम लगा दी गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।