Move to Jagran APP

घटना के तीसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली

जागरण संवादाता सैदपुर (गाजीपुर) देवचंदपुर स्थित पेट्रोल पंप पर हिस्ट्रीशीटर द्वारा की गई

By JagranEdited By: Published: Fri, 16 Oct 2020 10:36 PM (IST)Updated: Fri, 16 Oct 2020 10:36 PM (IST)
घटना के तीसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली
घटना के तीसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली

जागरण संवादाता, सैदपुर (गाजीपुर) : देवचंदपुर स्थित पेट्रोल पंप पर हिस्ट्रीशीटर द्वारा की गई त्रिभुवन नारायण सिंह की हत्या के मामले में तीसरे दिन शुक्रवार को भी पुलिस के हाथ खाली रहे। हालांकि पुलिस घटना में शामिल आनंद उर्फ ढोलक सिंह के पिता समेत कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, लेकिन अब तक बदमाशों का ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। घायल चौकीदार शिवमूरत सिंह की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। मृतक त्रिभुवन नारायण सिंह का शव देर रात घर आने पर देवचंदपुर में गंगा किनारे अंतिम संस्कार किया गया। मां दुर्गावती व पत्नी चंद्रकला, बेटी प्रियंका एवं इकलौते पुत्र राहुल उर्फ गोपाल का रो-रोकर बुरा हाल है।

loksabha election banner

व्यवहारकुशल त्रिभुवन नारायण सिंह की हत्या से हर कोई आहत है। वह सभी के दुख-सुख में शामिल होते रहते थे। उनकी हत्या से लोगों में आक्रोश भी है। गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पेट्रोल पंप से लेकर त्रिभुवन नारायण सिंह के घर तक पीएसी व पुलिस के जवान तैनात हैं। पुलिस द्वारा हिस्ट्रीशीटर देवचंदपुर निवासी शनि उर्फ कर्मवीर सिंह व उसके साथी आनंद सिंह उर्फ ढोलक सिंह की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है। साथ ही पुलिस शनि के साथ आए अन्य बदमाशों को चिन्हित करने में लगे हुई है। स्थानीय थाना की पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच की टीम भी फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी दे रही है लेकिन अब तक पुलिस के हाथ खाली है। बता दें कि बुधवार की रात शातिर अपराधी शनि उर्फ कर्मवीर अपने आठ-दस साथियों के साथ पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भराने पहुंचा था। उसी समय उसने ताबड़तोड़ फायरिग कर देवंचदपुर गांव निवासी त्रिभुवन नारायण सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। साथ ही पंप के चौकी शिवमूरत सिंह एवं पंप मालिक अजय पांडेय के भाई नीरज पांडेय को मारपीट कर घायल कर दिया गया। कोतवाल रविद्रभूषण मौर्य ने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही हमलावर पुलिस गिरफ्त में होंगे।

ग्रामप्रधानी चुनाव को लेकर भी रंजिश

: त्रिभुवन नारायण सिंह की हत्या शनि उर्फ कर्मवीर ने पुरानी रंजिश में ही की है। ग्रामीणों की माने तो शनि के पिता नगीना सिंह को त्रिभुवन नारायण सिंह ने एक बार पीटा था। नगीना सिंह भी आपराधिक किस्म के व्यक्ति हैं। वर्षों पहले नगीना सिंह ने त्रिभुवनारायण सिंह के चाचा व घायल चौकीदार शिवमूरत सिंह के पिता पर गोली चलाई थी। एक रंजिश और भी शनि और त्रिभुवन नारायण के बीच में थी। बीते ग्रामप्रधानी चुनाव में त्रिभुवन नारायण सिंह पूर्व विधायक बीजू पटनायक के पक्ष के प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार कर रहे थे और शनि दूसरे प्रत्याशी के लिए प्रचार कर रहा था। इसे लेकर भी कुछ मनमुटाव हुआ था।

गांव में अपनी हनक चाहता है शनि

: शनि उर्फ कर्मवीर देवचंदपुर गांव में अपनी हनक जमाना चाहता है। इसलिए उसने ग्राम प्रधानी चुनाव का भी मन बनाया है। व्यवहार कुशल त्रिभुवन नारायण सिंह उसके रास्ते के सबसे बड़े रोड़ा थे इसलिए उसने उन्हें रास्ते से हटाया होगा। शनि देवचंदपुर में निर्विरोध ग्रामप्रधान होने की इच्छा रखता है। इसलिए उसने तीन माह के अंदर दो वारदात देवचंदपुर गांव में किया। बुधवार को त्रिभुवन नारायण सिंह को गोली मारने से पहले उसने 23 अगस्त को देवचंदपुर स्थित शराब की दुकान पर भी हवाई फायरिग की थी।

खुला पेट्रोल पंप, पहुंचे ग्राहक

: घटना के चलते गुरुवार को देवचंदपुर स्थित पेट्रोल पंप पूरी तरह बंद रहा। ऐसे में क्षेत्रीय ग्राहकों को पेट्रोल लेने के लिए सैदपुर या चोचकपुर जाना पड़ा। इसे देखते हुए शुक्रवार को पेट्रोल पंप का संचालन शुरू कर दिया गया। हालांकि अभी भी ग्रामीण पंप पर जाने में सहम रहे हैं।

हर तरफ शनि के मनबढ़ई और अपराधिक घटनाओं की चर्चा

: शनि उर्फ कर्मवीर काफी मनबढ़ है। वह अपने आगे किसी को कुछ भी नहीं समझता है। गांव में किसी को भी मारपीट देना और दबाकर रखना उसकी फितरत बन गई है। शुक्रवार को भी उसके द्वारा किए गए आपराधिक वारदातों की चर्चा लोग करते रहे। उसकी दहशत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गांव का कोई भी व्यक्ति उसके घर का पता बताने को तैयार नहीं था।

प्रशासन की कार्रवाई से ग्रामीणों को राहत

: त्रिभुवन नारायण सिंह की हत्या करने वाले शनि उर्फ कर्मवीर सिंह द्वारा गांव में किया गया अवैध निर्माण प्रशासन द्वारा ध्वस्त करवाए जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों की मंशा है कि शीघ्र से शीघ्र उसे गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए। शनि ने जबरदस्ती गेट लगाकर रास्ते को बंद कर दिया था। उसकी दबंगई के चलते कोई भी विरोध करने को तैयार नहीं हुआ।

पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने एसपी को सौंपा पत्रक

: पेट्रोल पंप पर हुई घटना से गाजीपुर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन में आक्रोश है। अध्यक्ष मारकंडेय सिंह के नेतृत्व में गुरुवार को सदस्य एसपी ओपी सिंह से मिले। पत्रक सौंपकर 48 घंटे में अपराधियों को पकड़ने की मांग की। साथ ही मृतक त्रिभुवन नारायण सिंह के घरवालों को दस लाख रुपये आर्थिक सहायता एवं सभी पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की। अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस की उदासीनता के चलते ही यह घटना हुई है। इसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष संजीव सिंह, ओमप्रकाश यादव, अजय यादव, विनीज जायसवाल, बृजकिशोर जायसवाल, सुनील सिंह आदि थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.