स्लैब उठाते जैक का बेस क्रेक, टला हादसा
गाजीपुर : हमीद सेतु के मरम्मत के दौरान रविवार की दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हुआ यूं कि इंजीनियर हाइड्रोलिक प्रेशर जैक मशीन से धंसे स्लैब को उठा रहे थे।
जासं, गाजीपुर : हमीद सेतु के मरम्मत के दौरान रविवार की दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हमीद सेतु का क्षतिग्रस्त स्लैब उठाते समय हाइड्रोलिक प्रेशर जैक का बेस क्रेक कर गया जिससे स्लैब अचानक तेज आवाज के साथ फिर धंस गया। इससे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में इंजीनियरों ने पुल पर पूरा आवागमन रोक दिया। जैक निकालने के पश्चात करीब एक घंटे बाद आवागमन सामान्य हो सका।
हमीद सेतु के मरम्मत के दूसरे दिन प्रेशर जैक से स्लैब को उठाया जा रहा था। इस दौरान जब-जब जैक लगाया जा रहा था, पुल पर आवागमन रोक दिया जा रहा था। दोपहर करीब 11:30 बजे जैक पूरी तरह से सेट हो गया। स्लैब को उठाया जा रहा था और महज 20 एमएम और उठाना बाकी था लेकिन इस बार आवागमन बंद न होने से पुल का लोड बढ़ गया और तेज आवाज के साथ जैक का बेस क्रेक कर गया। इसके बाद अंदर काम कर रहे इंजीनियर भागे-भागे बाहर आए और आवागमन पूरी तरह से रोक दिया। इससे सेतु पर दोनों तरफ लोगों की काफी भीड़ एकत्र हो गई। यह देख राहगीर भी डर गए। इंजीनियरों ने इसकी सूचना तत्काल अपने उच्चाधिकारियों को दी। फिलहाल मरम्मत का कार्य रोक दिया गया। वहीं सेतु पर रोके गए दो पहिया व पैदल राहगीरों को एक-एक कर निकाला जा गया।
मरम्मत में लगे इंजीनियरों ने बताया कि अगली बार जब स्लैब को उठाया जाएगा तो आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। इसको लेकर इंजीनियर काफी परेशान दिखे। उन्होंने बताया कि आधा से अधिक काम हो गया था। इसके बाद बस बेय¨रग को फिट कर जाम कर दिया गया होता लेकिन ऐन मौके पर बेस क्रेक करने से समस्या खड़ी हो गई। अगर सबकुछ ठीक रहा तो बुधवार तक मरम्मत कार्य पूरा हो जाएगा। बीते सोमवार की भोर करीब चार बजे सेतु के पीलर छह व सात के बीच ज्वाईंटर नंम्बर 14 की रोलर बेय¨रग खिसकने से स्लैब सात इंच धंस गया है।