अगलगी में 14 झोपड़ियां राख
जासं मलसा (गाजीपुर) क्षेत्र के मतसा बाड़ में शुक्रवार को दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई।
जासं, मलसा (गाजीपुर) : क्षेत्र के मतसा बाड़ में शुक्रवार को दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। 14 झोपड़ियों के साथ उसमें रखे लाखों का सामान जलकर नष्ट हो गए। कई परिवार खुले आसमान में रहने को मजबूर हो गए हैं।
सबसे पहले सुबरन यादव की झोपड़ी में आग लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। अगल-बगल की झोपड़ियों को भी जद में ले लिया। सुबरन यादव की चार, कमलेश यादव की एक, विनोद यादव की तीन के अलावा रामदुलार यादव, रामविलास व मनोज यादव की दो-दो झोपड़ियां जल गईं। आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। फायर ब्रिगेड से भी आग को कंट्रोल करने में मदद मिली। अनाज के अलावा अन्य सामान जल गया। अगलगी की सूचना पर कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। लेखपाल रामइकबाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षति की रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंप दी।