मुठभेड़ में घायल हिस्ट्रीसीटर के दोनों पैर में लगी थी गोली, पुलिस को चकमा देकर गाजीपुर जिला अस्पताल से हो गया फरार
गाजीपुर जिला अस्पताल से मुठभेड़ में घायल हिस्ट्रीशीटर सुधीर पासी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। दोनों पैरों में ...और पढ़ें

गाजीपुर में पुलिस को चकमा देकर अस्पताल से भागा हिस्ट्रीशीटर सुधीर पासी।
HighLights
मुठभेड़ में घायल हिस्ट्रीशीटर सुधीर पासी अस्पताल से फरार।
पुलिस निगरानी के बावजूद शौचालय के रास्ते भागा अपराधी।
गाजीपुर जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। गहमर पुलिस की मुठभेड़ में घायल होकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया हिस्ट्रीशीटर सुधीर पासी शनिवार की भोर करीब चार बजे पुलिस की निगरानी को धता बताते हुए फरार हो गया। अस्पताल के तीसरे तल स्थित सर्जिकल वार्ड में भर्ती सुधीर शौचालय के रास्ते बाहर निकल गया। फरार होने से पहले उसकी मां भी अस्पताल से गायब हो चुकी थी।
वहीं शुक्रवार शाम करीब छह बजे सुधीर ने बगल के बेड पर भर्ती मरीज के मोबाइल फोन से किसी व्यक्ति को फोन किया था। सुधीर ने फरार होने की तैयारी पहले से शुरू कर दी थी। शुक्रवार शाम दूसरे मरीज के मोबाइल से फोन करने के बाद भी उसकी गतिविधियों पर विशेष नजर नहीं रखी गई। रात में पुलिसकर्मी उसकी निगरानी में तैनात थे लेकिन भोर करीब चार बजे वह शौचालय के रास्ते वार्ड से निकलकर अस्पताल से बाहर जाने में सफल हो गया।
मुठभेड़ में दोनों पैरों में गोली लगने के बाद सुधीर को आपरेशन के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गंभीर आपराधिक इतिहास को देखते हुए उसकी निगरानी के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसके बावजूद उसका पुलिस अभिरक्षा से फरार हो जाना अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था के साथ पुलिस की निगरानी पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
