हमीद सेतु पर फिर लगा भीषण जाम, छूटे ऑफिस-स्कूल
जागरण संवाददाता, गाजीपुर : एनएच-24 पर वीर अब्दुल हमीद सेतु पर जाम की समस्या नासूर बन गई है। आए दिन लग रहे जाम से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो गई है।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर : एनएच-24 पर वीर अब्दुल हमीद सेतु पर जाम की समस्या नासूर बन गई है। आए दिन लग रहे जाम से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। गुरुवार को करीब नौ बजे से कालूपुर चट्टी पर ओवरलोड बालू लदा ट्रक बीच रास्ते में खराब हो गया। तभी सामने से आ रही बस के कारण रास्ता पूरी तरह से जाम हो गया। देखते ही दोनो तरफ करीब 10 किमी तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम में घंटो देर तक फंसे रहने से दर्जनों कर्मचारी अपने कार्यालय नहीं पहुंच पाए तो वहीं छात्र अपने घर लौट गए। जाम देर शाम करीब चार बजे तक लगा रहा।
राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर आए दिन किसी न किसी बहाने भीषण जाम लग जा रहा है। बिहार से आने व जाने का हमीद सेतु का एक मात्र पुल होने के कारण जाम विकराल रूप ले लेता है। गुरुवार को फिर कालूपुर चट्टी ट्रक खराब हो जाने से पूरा रास्ता जाम हो गया। इससे बाइक सवार भी नहीं जा पा रहे थे। रास्ता पूरी तरह से जाम होने के कारण वाहनों की लंबी लाइन लग गई। घंटो बाद पहुंची पुलिस ने एक-एक कर वाहनों को निकालना शुरू किया। 12:30 तक आवागमन कुछ देर के लिए सामान्य हुआ। उसके कुछ देर बाद पुन: जाम लग गया। इस बार रेवतीपुर, मलसा, जंगीपुर मोड़, कठवामोड़ तक वाहनों की लंबी लग गई। स्कूल बस के घंटो देर तक जाम में फंसने के कारण उसमें बैठे सभी छात्र अपने घर चले गए। ऐसी करीब आधा दर्जन बसें फंसी थी। वहीं सरकारी व निजी कर्मचारी करीब एक बजे काफी मशक्कत के बाद अपने कार्यालय पहुंचे। करीब सात घंटे बाद शाम चार बजे आवागमन सामान्य हो सका। ---- नो इंट्री में फंसा था ट्रक
- सुबह आठ से रात्रि आठ बजे तक जमानियां से जिला मुख्यालय ओवरलोड ट्रकों के आवागमन पर रोक है। कालूपुर चट्टी पर जो ट्रक खराब थी, वह लोडेड थी और जमानियां की तरफ से आ रही थी। इससे लोग और आक्रोशित हो गए। इसके लिए सभी ने स्थानीय पुलिस को दोषी मानते हुए मोटी रकम लेकर नो इंट्री में ट्रकों को पास देने का आरोप लगाया। क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से इस पर कार्रवाई करने के साथ ही जाम से निजात दिलाने की मांग की। अन्यथा की स्थिति में आंदोलन करने की चेतावनी दी।