विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजीपुर में सादे कपड़ों में अपराध रोकथाम की ड्यूटी कर रहे जीआरपी आरक्षी से प्लेटफार्म पर मारपीट कर कपड़े फाड़े

By Shivanand Rai Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 09 Sep 2026 10:58 AM (IST)

गाजीपुर सिटी स्टेशन पर सादे कपड़ों में ड्यूटी कर रहे जीआरपी सिपाही पर टीटीई ने हमला कर कपड़े फाड़ दिए। ...और पढ़ें

HighLights

  1. सादे कपड़ों में ड्यूटी कर रहे जीआरपी सिपाही पर हमला।

  2. गाजीपुर सिटी स्टेशन पर टीटीई ने फाड़े कपड़े।

  3. वीडियो वायरल होने पर टीटीई के खिलाफ एफआईआर दर्ज।

जागरण संवाददाता, गाजीपुर। अपराध रोकने के लिए सादे कपड़ों में ट्रेन में ड्यूटी कर रहा जीआरपी का सिपाही परिचय दिया, सरकारी आदेश का हवाला दिया, फिर भी रेलवे के ही कर्मचारियों की दबंगई का शिकार हो गया। गाजीपुर सिटी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर ट्रेन रुकते ही टीटीई ने आरक्षी का कालर पकड़ लिया और कपड़े फाड़ दिए। आरोप है कि उसे जबरन ट्रेन में खींचने का प्रयास किया गया।

हंगामा बढ़ने पर चेन पुलिंग करनी पड़ी। प्लेटफार्म पर मौजूद जीआरपी जवानों ने मौके पर पहुंचकर आरक्षी को बचाया। घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया। आरक्षी आशीष कुमार सिंह के मुताबिक एक सितंबर को उनकी ड्यूटी साथी आरक्षी अभिषेक मिश्रा के साथ सादे कपड़ों में लगाई गई थी। दोनों को ट्रेनों में चोरी और अन्य अपराधों की रोकथाम तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की निगरानी का जिम्मा दिया गया था।

वाराणसी से वापसी के दौरान आरक्षी ट्रेन संख्या 04072 में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान टीटीई मनीष कुमार सिंह ने उनसे टिकट मांगा। आरक्षी ने अपना परिचय देते हुए जीआरपी में तैनाती और सरकारी ड्यूटी की जानकारी दी। आरोप है कि इसके बावजूद टीटीई ने उन्हें सबके सामने अपमानित करना शुरू कर दिया।

प्लेटफार्म पर पहुंचते ही बढ़ा विवाद
ट्रेन के गाजीपुर सिटी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर रुकते ही मामला और बिगड़ गया। तहरीर के अनुसार, टीटीई ने नीचे उतरकर आरक्षी का कॉलर पकड़ लिया और उसके कपड़े फाड़ दिए। कोच अटेंडेंट व अन्य लोगों पर आरक्षी को जबरन ट्रेन में खींचने का प्रयास करने का आरोप है। ट्रेन चलने लगी तो चेन पुलिंग कर उसे रोक दिया गया।

हंगामा देखकर प्लेटफार्म पर तैनात आरक्षी अंकित शाहू और आशीष कन्नौजिया मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद टीटीई अपने साथियों के साथ ट्रेन से रवाना हो गया।

वीडियो वायरल, मुकदमा दर्ज
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ। इसमें प्लेटफार्म पर दोनों पक्षों के बीच खींचतान और हंगामा दिखाई दे रहा है। आरक्षी की तहरीर पर जीआरपी थाना गाजीपुर सिटी में टीटीई मनीष कुमार सिंह, कोच अटेंडेंट और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।